मोदी बोले-आईएसआई वालों से बचे, राहुल बोले- नफरत न फैलाएं पीएम
गोंडा में पीएम मोदी बोले-लोगों में एक तीसरा नेत्र होता है जिससे वो सही-गलत भली-भांति भांप लेते हैं
गोंडा/लखनऊ, ईएमएस। उत्तर प्रदेश में पांचवे चरण की वोटिंग के लिए सभी नेताओं ने जोर-आजमाइश शुरू कर दी है। इसी तारतम्य में शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, पूर्व मुख्यमंत्री मायावती, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, कांग्रेस की सीएम प्रत्याशी शीला दीक्षित ने चुनावी सभाएं कीं।
प्रधानमंत्री ने गोंडा में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए अखिलेश और कांग्रेस पर तीखे वार किए। पीएम ने कहा कि 11 मार्च को चुनावों के परिणाम आएंगे और 13 को केसरिया होली खेली जाएगी। मोदी ने इस दौरान कानपुर रेल हादसे के आईएसआई कनेक्शन का जिक्र किया। कानपुर में हुए रेल हादसे की याद दिलाते हुए मोदी ने कहा, कानपुर में एक रेल हादसा हुआ था, कुछ लोग पकड़े गए हैं। पुलिस को पता चला कि साजिश सीमा पार से रची गई थी। इसके बाद मोदी ने इशारों में एसपी और कांग्रेस पर बड़ा हमला करते हुए कहा, ऐसे लोग जो उनकी मदद करते हैं, यहां से चुने जाएंगे तो क्या गोंडा सुरक्षित रहेगा, क्या देश सुरक्षित रहेगा मोदी ने आगे कहा, भगवान शिव की तरह हिंदुस्तान के लोगों में एक तीसरा नेत्र होता है। उस तीसरे नेत्र से वह भली-भांति परख लेते हैं कि सच क्या है और झूठ क्या है। देश का गरीब से गरीब इंसान भी अच्छे और गलत रास्तों को आसानी से समझ लेता है। हमारे देश में झूठ-मूठ का आरोप लगाने वालों की कमी नहीं है।
जब मोदी जी को डर लगता है तो जहर फैलाना शुरू कर देते हैं : राहुल
बहराइच। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने बहराइच में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। राहुल ने कहा- जब मोदी जी को डर लगता है तो वो एक धर्म को दूसरे से लड़ाना शुरू कर देते हैं, जहर फैलाना शुरू कर देते हैं। उन्होंने कहा कि पीएम को नफरत फैलाने के काम में कोई भी लाभ नहीं मिलेगा। उनको इसका फायदा नहीं मिलने वाला है। राहुल गांधी ने कहा कि मोदी अमीरों का कर्ज माफ करते हैं किसानों का नहीं। उन्होंने कहा कि गठबंधन की यह जोड़ी बेमिसाल है। कहा कि भले ही मोदी ने तो दिल वाले दुल्हनिया ले जाएंगे पिक्चर बनायीं लेकिन चली तो सिर्फ शोले। राहुल गांधी ने मोदी को बब्बर शेर की उपाधि देते हुए कहा कि मेक इन इंडिया के शेर में चूहे जैसे भी आवाज नहीं है। उन्होंने कहा मोदी जहाँ जाते हैं वहां रिश्ता बनाते हैं लेकिन रिश्ता बोलने से नहीं निभाने से बनता है। एक तरफ लोगों को बांटने वाले लोगों की विचार धारा है और एक तरफ हम हैं जो लोगों को जोडऩे की विचारधारा रखते हैं। केन्द्र सरकार ने रोजगार देने का झूठा वादा किया। उत्तर प्रदेश के युवा बेरोजगार हैं इसे केन्द्र सरकार ने कुछ नहीं दिया। किसान घबराया हुआ है। मोदी जी ने वादा किया था किसानों की जिंदगी बदलूंगा।
No comments