बीएसएफ ने पाक महिला घुसपैठिए को मार गिराया
जम्मू,ईएमएस। जम्मू क्षेत्र के अलग-अलग सेक्टरों में अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगे भारतीय क्षेत्र में घुसपैठ करने के प्रयास में एक महिला पाकिस्तानी घुसपैठिए को बीएसएफ ने ढेर कर दिया, जबकि एक अन्य को अरेस्ट कर लिया गया। बीएसएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि गुरुवार रात अखनूर तहसील के परगवाल सेक्टर में महिला घुसपैठी को ढेर कर दिया गया। बीएसएफ के जवानों ने उन्हें रूक जाने के लिए चेतावनी दी जिसे अनसुना करने पर जवानों की गोलीबारी में वह मारी गई। अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तानी रेंजर्स के साथ एक बैठक भी हुई जिसमें मारी गई महिला की तस्वीर दिखायी गई और वे शव लेने के लिए तैयार हो गए। पाक आज रेंजर्स को शव सौंप दिया जाएगा। दूसरी घटना में कठुआ सेक्टर में सीमा पर लगे बाड़ के नजदीक संदिग्ध परिस्थितियों में एक पाकिस्तानी नागरिक घूमता हुआ मिला जिसे बीएसएफ ने गिरफ्तार कर लिया। अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार किये गये व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है।
No comments