( मोदी- लीड ) ऐसा काम करें कि आने वाली पीढ़ी को गर्व हो
- पंचायत राज दिवस पर मण्डला के रामनगर से प्रधानमंत्री मोदी ने ग्राम सभाओं को संबोधन
- पंचायत प्रतिनिधि ऐतिहासिक काम में अपनी शक्ति और समय लगाएं
- जनजातीय शहीदों की स्मृति को संजोने के लिये बनेंगे म्यूजियम
- मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा- मोती महल के संरक्षण और गोंड संस्कृति अध्ययन केन्द्र बनाया जाएगा
- 2.44 लाख पंचायतों ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये सुना मोदी को
''जन प्रतिनिधियों को पांच साल में कम से कम पांच गांवों का विकास जरूर करना चाहिए। आप कुछ ऐसा काम कीजिए कि 20-30 साल के बाद जब आप बुढ़ापे से गुजर रहे होंगे तो आपके पास यह कहने को हो कि 25 साल पहले मैं पंचायत का प्रधान था और देखो मेरे समय में ये काम हुआ था।''
- नरेंद्र मोदी, प्रधानमंत्री
मंडला/भोपाल । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पंचायत राज दिवस के अवसर पर जनजातीय बहुल मंडला जिले के ऐतिहासिक रामनगर से ग्राम सभाओं को संबोधित किया। उनके संबोधन को देशभर की 2 लाख 44 हजार ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों ने सुना। मोदी ने जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए आव्हान किया कि वे अपने गांव के लिये ऐसा काम करें, जो ऐतिहासिक साबित हो। मोदी ने देशभर के सरपंचों से आह्वान किया कि कि वे अपने क्षेत्र में कुछ काम ऐसे करें, जिनके बारे में वे अपनी अगली पीढिय़ों को बता सकें।हर जन-प्रतिनिधि के मन में ऐसा काम करने की इच्छा है, जो चिर-स्थाई बना रहे। इसके साथ ही मोदी ने जनजातीय संस्कृति की अभिव्यक्ति को समर्पित आदि उत्सव का शुभारम्भ किया।
पंचायत राज प्रतिनिधियों को 5 साल के लिये कार्यकाल मिलता है। उसमें वे अपनी क्षमतानुसार ऐतिहासिक काम करने में अपनी ऊर्जा और समय लगाये। बजट की चिंता नहीं है। चिंता है केवल प्राथमिकताएं तय करने की है। चिंता केवल बजट के सही समय पर सही काम के लिये ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ उपयोग करने की है। कई काम ऐसे हैं, जो थोड़ी जिम्मेदारी, संवेदनशीलता और जूनून के साथ पूरे किये जा सकते हैं। उन्होंने बच्चों को स्कूल भेजने, पोलियो टीकाकरण करने, स्वच्छता रखने, जैविक खेती करने जैसे काम गिनाते हुए कहा कि ऐसे कामों के लिये सिर्फ संकल्प जरूरी है। प्रधानमंत्री ने कहा कि जन धन, वन धन और गोवर्धन के सही और वैज्ञानिक उपयोग से ग्रामीण भारत का कायाकल्प हो सकता है। उन्होंने कहा कि पंचायत जन-प्रतिनिधि लोगों के प्रति जवाबदेह होते हैं। उन्होंने कहा कि एक सरपंच अगर दृढ़ संकल्प ले तो अपने गांव में आधारभूत परिवर्तन कर सकता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण भारत में बड़ा परिवर्तन लाने के लिये छोटे-छोटे कामों को जुनून के साथ करने की आवश्यकता है।
2022 तक पूरे करेंगे गांधी जी के सपना
प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्ष 2022 में भारत की आजादी के 75 साल पूरे हो रहे हैं और 02 अक्टूबर को महात्मा गांधी जी की जयंती को 150 साल पूरे हो रहे हैं। हम सब मिलकर गांधी जी के सपनों का भारत निर्माण करने का संकल्प लें और उन्हें मिले 5 साल को स्वर्णिम काल बनाएं।
आदिवासी विकास पंचवर्षीय योजना
आदिवासी विकास पंचवर्षीय योजना का भी ऐलान, आने वाले 5 सालों में प्रदेश को आदिवासियों के विकास के लिए केंद्र की तरफ से 2 लाख करोड़ रुपए मिलेंगे।
मनेरी एल.पी.जी. बॉटलिंग प्लांट का शिलान्यास
मोदी ने मनेरी में इन्डियन ऑयल द्वारा स्थापित होने वाले एल पी जी बॉटलिंग प्लांट का शिलान्यास किया। उन्होंने 120 करोड़ रुपये की लागत से लगने वाले एलपीजी गैस बॉटलिंग प्लांट की चर्चा करते हुए कहा कि इससे आस-पास के जिलों में आसानी से गैस प्रदाय होने लगेगा। इससे जुड़े रोजगार का निर्माण होगा। नये अवसर पैदा होंगे। लोगों को सरलता से गैस उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि जय जवान, जय किसान और जय विज्ञान पर ध्यान दें।
जो राक्षसी कार्य करेगा उसे फांसी होगी
बेटियों के साथ दुराचार करने के मामले में फांसी देने के लिये लाये गये अध्यादेश की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि बेटियों को सम्मान देना सीखे और बेटों को जिम्मेदारी भी सिखायें। इससे बेटियों को सुरक्षा देने का काम आसान हो जायेगा। उन्होंने कहा कि जो राक्षसी कार्य करेगा वह फांसी पर लटकेगा। इसके लिये सामाजिक आंदोलन भी चलाने और समाज के लोगों को आगे बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि वर्तमान केन्द्र सरकार लोगों के दिल की आवाज सुनती है।
पंचायत मंत्री तोमर बोले
चार गुना बढ़ाया गांवों का बजट
केन्दीय ग्रामीण विकास मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कार्यक्रम में कहा कि आज भारत के इतिहास का महत्वपूर्ण दिन है। देश की ढाई लाख पंचायतों के 31 लाख से ज्यादा पंचायत प्रतिनिधियों को भारत के ग्रामीण विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने का दिन है। उन्होंने बताया कि 13 वें वित्त आयोग तक पंचायतों को केवल 60 हजार करोड़ रुपये मिलते थे। अब 14वें वित्त आयोग में पंचायतों को 2 लाख 292 करोड़ रुपये मिल रहे हैं। यह धनराशि पंचायतों के सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास में खर्च हो रही है। इस वर्ष एक करोड़ आवास बनाये जायेंगे।
मध्यप्रदेश ने बनाए सर्वाधिक मकान
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को बधाई देते हुए तोमर ने कहा कि मध्यप्रदेश ने देश में सर्वाधिक मकान गरीबों को बना कर दिये हैं।
देश के संसाधनों पर पहला हक गरीबों का
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के रूप में देश को सक्षम नेतृत्व मिला है। चौहान ने कहा कि देश के संसाधनों पर पहला हक गरीबों का है। उन्होंने कहा कि अक्टूबर 2018 तक हर घर में बिजली होगी। गरीबों के लिये 13 लाख 50 हजार मकान बनाये जा रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा गरीबों के हित में लागू किये गये निर्णयों और कार्यक्रमों का उल्लेख करते हुये कहा कि उनके नेतृत्व में बनाये गये कार्यक्रमों को मध्यप्रदेश में तत्काल रूप से लागू किया जाता है।

No comments