ICAR ने कृषि शिक्षा में पारदर्शिता लाने किये बड़े परिवर्तन
- जनेकृविवि को 1 करोड़ 13 लाख की बड़ी सौगात
- एडीजी ने किया नवीनीकृत गर्ल्स हास्टल का लोकार्पण
जबलपुर। जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय में आज अपरान्ह भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद् नईदिल्ली के सहायक महानिदेशक (शिक्षा नियोजन एवं गृह विज्ञान) डॉं. पुष्यव्रत सुविमलेन्दु पाण्डेय ने फीता काटकर नवीनीकृत गर्ल्स हास्टल का लोकार्पण किया और विवि के केन्द्रीय ग्रंथालय, अनुभव सीख परियोजना सस्य विज्ञान विभाग, कृषि महाविद्यालय, कृषि अभियांत्रिकी महाविद्यालय, स्मार्ट क्लास रूम, वीडियो कान्फ्रेंसिंग हॉल, एग्जामिनेशन हॉल, स्वीमिंगपूल, एवं विवि मुख्यालय का सघन दौरा कर आवश्यक निर्देश दिये। वे विवि की व्यवस्थिति कार्यप्रणाली और सुचारू व्यवस्था से खासे प्रभावित हुये। उन्होंने विवि के उत्तरोत्तर उत्थान हेतु मौके पर ही 1 करोड़ 13 लाख रूपयों की बड़ी सौगात दी, जिससे अधिकारियों के चेहरे खिल उठे। कुलपति डॉं. प्रदीप कुमार बिसेन ने उन्हें शाल, श्रीफल और प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया और कहा कि जनेकृविवि की तरक्की में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद् नईदिल्ली का बहुत बड़ा योगदान है। आईसीएआर ने देशभर के कृषि विश्वविद्यालयों और कृषि संस्थानों को एक बड़ा मंच देकर एक सूत्र में पिरोन का अनुकर्णीय और बेमिसाल कार्य किया है। यह देश में कृषि शिक्षा का सुविकसित और सुव्यवस्थित तंत्र है।
प्रत्युत्तर में एडीजी डॉं. पाण्डेय ने अपने उदबोधन में कहा कि जनेकृविवि के पास बहुत बड़ा आदिवासी क्षेत्र है जहां बहुत काम किया जा सकता है। आप 5 करोड़ तक के प्रोजेक्ट बनाये आईसीएआर पूर्ण सहयोग करेगी। डॉं. पाण्डेय ने बताया कि आईसीएआर ने कृषि शिक्षा में पारदर्शिता लाने हेतु बड़े परिवर्तन किये हैं। छात्र हमारी पहली प्राथमिकता है। खासकर छात्राओं को सुरक्षा की गारंटी देना हमारा अहम दायित्व है। उन्होंने विवि के केन्द्रीय ग्रंथालय को अत्याधुनिक बनाने पर जोर दिया और प्रदेश के समस्त कृषि महाविद्यालयों को इंटर-कनेक्ट करने हेतु आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करने और छात्रों के एटीएम के समान स्मार्ट आईडी कार्ड बनाने के निर्देश दिये। ग्रंथालय प्रभारी डॉं. विनीता पांडे व प्रदीप दीक्षित ने ‘‘कोहा साफ्टवेयर’’ में संग्रहित 70 हजार पाठ्यसामग्री एवं थीसिस की जानकारी दी।
पूर्व में अधिष्ठाता कृषि संकाय डॉ. पी.के. मिश्रा ने स्वागत भाषण में विवि की शैक्षणिक, विस्तार और अनुसंधानत्माक गतिविधियों की जानकारी दी। इस दौरान कुलसचिव अशोक कुमार इंगले, संचालक अनुसंधान सेवायें एवं संचालक शिक्षण
डॉ. धीरेन्द्र खरे, संचालक प्रक्षेत्र डॉं. शरद तिवारी, अधिष्ठाता कृषि अभियांत्रिकी महाविद्यालय डॉं. आर.के. नेमा, लेखानियंत्रक अनिल केशरवानी, अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉं. व्ही.के. प्यासी, कार्यपालन यंत्री इंजी. पी.के. सिंह, ग्रंथपाल डॉं. विनीता पांडे, डॉं. एस.के. गर्ग एवं विभागाध्यक्ष उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन नोडल अधिकारी डॉं. संजीव कुमार ने किया।
No comments