उपचुनाव: मुंगावली में 77.35%, कोलारस में 72.82% मतदान, 28 को परिणाम
भोपाल। अशोकनगर की मुंगावली व शिवपुरी की कोलारस विधानसभा के उपचुनाव के लिए शनिवार को मतदान संपन्न हो गया। मुंगावली में 77.35 प्रतिशत, कोलारस में 72.82प्रतिशत मतदान हुआ है। मतगणना 28 फरवरी को होगी। 575 बूथों पर 3000 कर्मचारियों ने मतदान संपन्न कराया।राजस्थान में पिछले दिन उपचुनाव में भाजपा की करारी हार के मप्र के इन उपचुनावों पर सबकी नजरें हैं।
2018 का सेमीफाइनल: शिवराज सिंह व ज्योतिरादित्य में सीधी टक्कर
मुख्यमंत्री ने 40, ज्योतिरादित्य ने 75 रैलियां कीं
कोलारस व मुंगावली उपचुनाव इसलिए खास है क्योंकि यहां पर भाजपा-कांग्रेस में टक्कर न होकर सीधे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान व कांगे्रस के दिग्गज सांसद ज्योतिरादित्य के बीच चुनाव है। दोनों ही सीटें ज्योतिरादित्य के प्रभाव वाली मानी जाती हैं। ये दोनों सीटें उनके संसदीय क्षेत्र गुना में पड़ती हैं। इसलिए यहां कांग्रेस की जीत उनके लिए प्रतिष्ठा का विषय है। इसके अलावा, अगले चुनाव को लेकर ज्योतिरादित्य सिंधिया कांग्रेस के सामने खुद को मुख्यमंत्री प्रत्याशी के रूप में मजबूत दावेदारी पेश कर रहे है। दोनों ही सीटों पर कांग्रेस विधायकों की मौत के बाद उपचुनाव हुए हैं। यहां शिवराज ने 40 से ज्यादा रैलियां कीं, वहीं सिंधिया ने 75 रैलियों को संबोधित किया। कांग्रेस अगर इन सीटों को पुन: जीतती है तो ज्योतिरादित्य मप्र में मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित हो सकते हैं। यह चुनाव 2018 में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और कांग्रेस के लिए उपचुनाव के नतीजे बहुत अहम हैं, क्योंकि उपचुनाव से यह साफ हो जाएगा कि जनता का साथ किसे मिलेगा।ैं।
इसलिए हुए उपचुनाव
सितंबर 2017 में मुंगावली विधानसभा सीट से कांग्रेस के विधायक महेन्द्र सिंह कालूखेड़ा का निधन हो गया। अक्टूबर 2017 में कोलारस सीट से कांग्रेस विधायक रामसिंह का निधन हो गया था।
भाजपा-कांग्रेसियों में झड़प
शिवपुरी के कोलारस में उपचुनाव के दौरान ग्राम सेसई खुर्द में कांग्रेस कार्यकर्ता हरिसिंह यादव व भाजपा कार्यकर्ता में विवाद हो गया। इस दौरान दोनों नेताओं के समर्थकों ने एक दूसरे पर कुर्सियां भी फेंकी। दोनों पक्ष एक दूसरे पर फर्जी मतदान कराने का आरोप लगाया।
कांग्रेस अध्यक्ष ने ईवीएम पर खड़े किये सवाल
मतदान के बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव ने ईवीएम पर सवाल खड़े किये हैं। इंदौर में अरुण यादव ने कहा कि कोलारस और मुंगावली उपचुनाव में जिस तरह बीजेपी ने आचार संहिता की धज्जियां उड़ाईं हैं उससे निष्पक्ष चुनाव होना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि बीजेपी चुनाव जीतने के लिए पैसे औऱ प्रशासन के साथ ही ईवीएम का सहारा ले रही है। यादव ने कहा कि कई ईवीएम मशीनों में गड़बड़ी पाई गई है।
एक नजर में चुनाव
सीट जिला भाजपा कांग्रेस कुल प्रत्याशी मतदान केंद्र मतदाता
कोलारस शिवपुरी देवेंद्र जैन महेंद्र सिंह यादव 22 311 244457
मुंगावली अशोकनगर बाई साहेब बृजेंद्र सिंह यादव 13 264 191090

No comments