खास खबर... 28 तारीख : शिव 'राज' के लिए संकट की घड़ी,
दीपक राय, भोपाल...
मध्य प्रदेश की शिवराज सरकार के लिए 28 फरवरी की तारीख भारी पड़ सकती है। खास बात यह है कि इस तारीख को तीन संयोग एक साथ आ रहे हैं। राजनीतिक सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के लिए यह परीक्षा की बड़ी घड़ी साबित होगी। 28 फरवरी को कोलारस, मुंगावली उपचुनाव के परिणाम आएंगे। मध्य प्रदेश विधानसभा में सरकार का आखिरी पूर्ण बजट पेश होगा। केंद्र की मोदी सरकार भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बैठक भी इसी दिन लेंगे। सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के लिए चिंता का विषय तो नहीं, लेकिन शिवराज सिंह चौहान के लिए परीक्षा की घड़ी जरूर होगी क्योंकि जब इन मुख्मंत्रियों की बैठक होगी तब तक कोलारस, मुंगावली उपचुनाव के परिणाम आ चुके होंगे और मप्र का बजट भी पेश हो चुका होगा। ऐसे में अगर कोलारस, मुंगावली चुनाव भाजपा जीत पाई तो शिवराज सिंह चौहान को वाहवाही मिलेगी, लेकिन अगर पराजय का सामना करना पड़ा तो शिवराज का कद कम होना तय है। भाजपा के वरिष्ठ राजनीतिक सूत्रों को कहना है कि इसके पीछे कारण यह है कि शिवराज सिंह चौहान और उनके सभी मंत्रियों ने दोनों सीटों के उपचुनाव को अपनी शान बनाकर प्रस्तुत किया। जिस तरह शिवराज सिंह गांव-गांव सभा करने पहुंचे उससे आम लोगों में यह संदेश गया कि शिवराज ने ज्योतिरादित्य से खुद की प्रतिस्पर्धा की।
28 तारीख को तीन संयोग
1. कोलारस मुंगावली उपचुनाव परिणाम
28 को चुनावों के परिणाम आएंगे। कांग्रेस का गढ़ रही कोलारस, मुंगावली उपचुनाव में अगर भाजपा की जीत होती है तो निश्चित है कि शिवराज को केंद्र से वाहवाही मिलेगी। अगर पराजय हुई तो ठीकरा भी मुख्यमंत्री के सिर ही फूटेगा।
2. मध्य प्रदेश का बजट 2018-19
28 फरवरी को मध्य प्रदेश की भाजपा की इस सरकार का आखिरी पूर्ण बजट पेश होगा। इसमें सरकार आज जनता को क्या राहत देगी? या जनता को आफत होगी? क्योंकि बजट की घोषणाओं से ही 2018 की नई सरकार तय होगी।
3. केंद्र की योजनाओं का मप्र में हश्र
28 फरवरी को ही नई दिल्ली में भाजपा के नए दफ्तर 6 ए दीनदयाल उपाध्याय मार्ग में भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बैठक होगी। यहां पर यह चर्चा होगी मोदी सरकार की योजनाओं को मध्यप्रदेश में क्या हश्र हुआ है। 19 राज्यों में बीजेपी की खुद की या फिर सहोयगियों के साथ सरकारें हैं। अधिकांश राज्यों में केंद्र की योजनाओं का बुरा हश्र है। 2018 के आखिर में भी बीजेपी शासित राज्य मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ में विधानसभा चुनाव होने हैं। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अध्यक्ष अमित शाह मौजूद रहेंगे।

No comments