गाय काटकर घिरी कांग्रेस, सरकार के विरोध में भी कई राज्य
- ममता बोलीं, जनता क्या खाए, क्या न खाए तय न करे सरकार
-केरल के मुख्यमंत्री बोले, राज्य से पूछकर केंद्र ले निर्णय
-राहुल गांधी बोले, केरल में किया गया बर्बर कृत्य, मंजूर नहीं
नई दिल्ली। केरल के कन्नूर में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा सरेआम गाय की हत्या करने के बाद पूरे देश में कांग्रेस का विरोध तेज हो गया है। गाय को काटते हुए वीडियो वायरल होने के बाद कन्नूर पुलिस ने जहां कांग्रेस के 16 कार्यकर्ताओं पर केस दर्ज कर लिया है वहीं कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने गाय काटने की घटना को गलत बताकर दो कांग्रेस कार्यकर्ताओं को निलंबित कर दिया है। कांग्रेस के झंडे के साथ गाय काटने का वीडियो वायरल होने के बाद कांग्रेस बुरी तरह से फंसी नजर आ रही है।
सरकार का विरोध क्यों
केंद्र सरकार ने बूचडख़ानों के लिए मवेशियों को खरीदने और बेचने पर नोटिफिकेशन जारी कर रोक लगा दी। मवेशियों को खरीदना-बेचना बैन किया गया है। इसी के विरोध स्वरूप केरल कांग्रेस ने गाय काट दी।
अब आईआईटी मद्रास में भी छात्रों ने की बीफ पार्टी
चेन्नई। केरल के बाद रविवार रात आईआईटी मद्रास के 50 से ज्यादा छात्रों ने भी सरकार के कानून का विरोध जताया। उन्होंने बीफ फेस्ट आयोजित किया।
यहां गोरक्षकों ने बीफ बेचने पर व्यापारियों को पीटा, 9 गिरफ्तार
मालेगांव। महाराष्ट्र के मालेगांव में दो मांस व्यापारियों बीफ बेचने का आरोप लगाकर कथित गोरक्षकों ने पीटा। इस घटना का वीडियो सामने आया, जिसमें कुछ लोग व्यापारियों को बुरी तरह पीटते हुए नजर आ रहे हैं। इस मामले में 9 लोगों को अरेस्ट किया गया था, जिन्हें बाद में बेल पर रिहा कर दिया गया। जब्त किया गया मीट पुणे लैबोरेटरी में जांच के लिए भेजा गया है। महाराष्ट्र में गोवंश हत्या बंदी कानून लागू है। जिसके तहत बीफ बेचना और गाय काटना अपराध है।
सोनिया-राहुल माफी मांगें : वीएचपी
विश्व हिंदू परिषद ने इस मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी से माफी की मांग की है। विहिप के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल द्वारा जारी किए गए बयान में यह भी कहा गया है कि हिन्दू समाज इन दलों के द्वारा गौमाता के साथ की गई बर्बरता से व्यथित है। यह हरकत कांग्रेस को भी बहुत भारी पड़ेगी।
या खाएं क्या नहीं? तय न करे सरकार: ममता
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि रमजान का महीना चल रहा है और केंद्र सरकार एकतरफा तरीके से निर्णय ले रही है कि लोग क्या खाएंगे और क्या नहीं। क्या बेचा जाएगा और क्या नहीं बेचा जाएगा। मैं शाकाहारी हूं और यह मानती हूं कि पेड़ों में भी जीवन होता है। फिर हमें पेड़ भी नहीं काटना चाहिए। साथ ही हम गौ माता का भी सम्मान करते हैं। केंद्र सरकार के पशु वध प्रतिबंध को ममता बनर्जी असंवैधानिक बताया। और कहा कि केंद्र सरकार से गुजारिश है कि राज्य के मामलों में दखल न दे।
वर्सन
ये सही नहीं है कि सरकार लोगों के खाने की चीजें भी तय कर रही है। इस फैसले के साथ सरकार उस सेक्टर को तबाह कर रही है, जो हजारों लोगों को रोजगार देता है। सरकार को नोटिफिकेशन जारी करने से पहले राज्यों के साथ बैठकर इस पर सलाह करनी चाहिए थी।
- पिनाराई विजयन, मुख्यमंत्री, केरल
केरल में शनिवार को जो कुछ भी हुआ, वह बेवकूफीभरा और बर्बर है। वह मुझे या कांग्रेस को कतई मंजूर नहीं है।
- राहुल गांधी, कांग्रेस उपाध्यक्ष
No comments