मोदी का वार- SCAM से यूपी को बचाओ, अखिलेश का पलटवार- AM से देश को बचाओ
मेरठ। यूपी के मेरठ के शताब्दीनगर स्थित माधवकुंज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को विजय शंखनाद रैली को संबोधित किया। इस रैली में मोदी के निशाने पर अखिलेश यादव, राहुल गांधी और मायवती रहीं। मोदी ने समाजवादी पार्टी, कांग्रेस, अखिलेश यादव और मायावती को स्कैम (स्ष्ट्ररू) बताया। उन्होंने कहा कि यूपी में भाजपा की स्कैम से लड़ाई है। एस से समाजवादी पार्टी, सी से कांग्रेस, ए से अखिलेश और एम से मायावती हैं। रैली में पीएम मोदी ने कहा कि इस समय गरीबी से मुक्ति की लड़ाई है। ढाई साल तक मेरी सरकार पर कोई कलंक नहीं लगा है। आखिर क्या कारण है कि यूपी के नौजवान को रोजी रोटी कमाने के लिए यूपी छोड़कर के, बूढ़े मां बाप को छोड़कर के शहरों में जिंदगी गुजारने के मजबूर होना पड़ता है। पीएम मोदी ने आगे कहा कि गरीबों, माता-बहनों को बीमारी में सरकार की ओर से मदद मिले, इसलिए भारत सरकार ने करीब चार हजार करोड़ रुपये यूपी सरकार को मदद करने के लिए दिए हैं, लेकिन मुझे बड़े दुख के साथ कहना पड़ा रहा है कि 2014-15 में ढाई हजार करोड़ रुपये भी सरकार नहीं खर्च कर पाई है। हिसाब देने के लिए कतराते रहते हैं। उन्होंने कहा कि 2015-16 में यह मदद बढ़ा दी गई। सात हजार करोड़ रुपये सरकार को दिए गए लेकिन इसके बावजूद 2800 करोड़ रुपये भी नहीं खर्च किए गए हैं। पीएम ने आगे कहा कि क्या बीमार की भी जाति होती है क्या? क्या उनका वोटबैंक होता है? लेकिन ये यूपी की सरकार हर चीज वोटबैंक के तराजू से तौलती रही है।
पहले थे दुश्मन, अब खुद को बचाने कर लिया गठबंधन
उन्होंने सपा-कांग्रेस गठबंधन पर बोलते हुए कहा कि पहले कई गठबंधन देखे लेकिन ऐसा गठबंधन नहीं देखा कि जो पहले एक दूसरे पर हमला बोलते थे, अब गले मिल रहे हैं। जो खुद को नहीं बचा सकते, वो यूपी को क्या बचाएंगे। उन्होंने कहा कि जब तक लखनऊ में बैठी हुई सरकार को घर नहीं भेजते हैं, तब तक जो दिल्ली से भेज रहा हूं। तब तक वह यूपी में नहीं पहुंचेगा इसलिए इस यूपी सरकार को हटाना बहुत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि मेरठ में दिनदहाड़े एक व्यापारी की हत्या हो जाती है और कोई कार्रवाई नहीं होती है। स्वच्छ भारत पर बोलते हुए कहा कि क्या आप लोग स्वच्छ भारत, स्वच्छ मेरठ से सहमत हैं कि नहीं? साफ सफाई होनी चाहिए या नहीं? भारत सरकार ने यूपी सरकार को प्रदेश की सफाई के लिए साढ़े नौ सौ करोड़ रुपये दिया। लेकिन यूपी सरकार 40 करोड़ भी नहीं खर्च कर पाई। उन्होंने कहा कि आजादी के 70 साल बाद हर परिवार के पास अपना घर होना चाहिए। मैंने पीड़ा उठाया है कि 2022 में जब आजादी के 75 साल होंगे तो सभी परिवारों के पास अपना घर होगा। इसमें राज्यों को ऐसे लोगों की सूची केंद्र सरकार के पास भेजनी थी जिसके पास मकान नहीं है। भारत सरकार यूपी सरकार को चि_ी लिखती रही कि मकानों के जरूरत मंदों की सूची दें लेकिन अभी तक नहीं मिली।
स्ष्ट्ररू पर अखिलेश का जवाब, देश को मोदी- शाह से बचाना है
औरेया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पीएम नरेंद्र मोदी के स्कैम वाले बयान पर पलटवार किया। उन्होंने अपनी एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि देश को स्कैम से बचाना है। जिनके नाम में ए और एम आता है, देश को उनसे बचाना है। इन दोनों का नाम मोदी और अमित शाह हैं। रैली के दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि पीएम बनने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजनीतिक पलायन किया है। गुजरात से शायद पीएम नहीं बन सकते थे। वहीं, औरैया के बिधूना में शनिवार को चुनावी जनसभा में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कई बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि सपा की सरकार बनने पर अब यूपी में हाई स्कूल और इंटर पास करने वालों को सिर्फ मार्कशीट दिखाने पर पुलिस में सीधी भर्ती की मिलेगी। उन्होंने एक लाख सिपाहियों के भर्ती और गरीब परिवार की महिलाओं को 1000 रुपए प्रति माह देने का भी वादा किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब ऐसी व्यवस्था कर रहे हैं कि पुलिस वाले रिश्वत नहीं लेंगे। रिश्वत पुलिस वालों पर कड़ी कार्रवाई के साथ रिश्वत का पैसा भी वापस कराया जाएगा। सीएम ने कहा कि अब जानवरों के त्वरित इलाज के लिए भी एम्बुलेंस सेवा शुरू की जाएगी।
नए नोट पर तंज
सीएम ने नोटबंदी और दो हजार के नए नोट पर चुटकी लेते हुए कहा कि दो हजार का नया नोट बुरा और कमजोर है। हमसे पूंछते तो हम अच्छा नोट बना देते। सीएम ने कहा कि नोटबंदी की वजह से लाइन में लगी महिला ने बच्चे को जन्म दिया, बैंक वालों ने उसका नाम खजांची रख दिया।

No comments