हवाला कांड: ईडी ने शुरू किया दस्तावेजों को खंगालना
भोपाल (ईएमएस)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कटनी में हुए 500 करोड़ रुपए के हवाला कांड को खंगालना शुरू कर दिया है। इन दस्तावेजों की जांच के बाद हवाला कांड की परतें खुल सकती हैं।
सूत्रों के अनुसार, एसके मिनरल्स की 32 फर्जी फार्मों के खाते से 150 करोड़ रुपए के ट्रांजेक्शन और उसमें सरावगी बंधुओं के मनीष और सतीश की संलिप्तता के सबूत भी ईडी को मिले हैं, इस पूरे मामले में बैंक की टीम की भूमिका भी संदिग्ध है। ईडी की टीम में शामिल एक अधिकारी ने सबसे पहले एसके मिनरल्स से हुए लेनदेन का बैंक स्टेटमेंट चेक किया।
उल्लेखनीय है कि आयकर विभाग की जांच में 2008-09 से 2015-16 के बीच 500 करोड़ के हवाला कारोबार का खुलासा हुआ था। इस मामले में तत्कालीन एसपी गौरव तिवारी ने काफी तेजी से काम किया था।
जुड़े लोगों से होगी पूछताछ
ईडी सूत्रों का कहना है कि फिलहाल जांच का फोकस एसके मिनरल्स की फार्मों से किये गये ट्रांजेक्शन पर है। एसके मिनरल्स ने अपनी बोगस फर्म जिसके नाम पर खोली थी, उन सभी लोगों से भी ईडी पूछताछ कर सकती है। बैंकों के स्टेटमेंट की जांच कर बोगस फर्मों से सरावगी बंधुओं की कितनी फर्मों में ट्रांजेक्शन हुआ है, इस बात का पता लगाया जा रहा है।
पाठक पर संदेह को पुख्ता करने की कवायद
सरावगी बंधुओं के तार राज्यमंत्री संजय पाठक से जुड़े होने के संदेह को पुख्ता करने के लिए भी ईडी बरामद दस्तावेजों को खंगाल रही है। टीम ने कटनी पहुंचते ही फर्जी खातों के प्रकरणों में दर्ज चार एफआईआर और रिकॉर्ड खंगाले। हवाला कांड से मंत्री पाठक का नाम जुडऩे के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ईडी से जांच कराने की बात कही थी।
No comments