भोपाल/ग्वालियर. भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री
अटल बिहारी वाजपेयी की तबीयत बेहद नाजुक है। आज सुबह दिल्ली में एम्स की ओर से जारी बुलेटिन में बताया गया है कि उनकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ है। अटलजी की नाजुक हालत को देखते हुए मुख्यमंत्री
शिवराज सिंह चौहान ने जन आशीर्वाद यात्रा सहित अपने सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए। उधर ग्वालियर में अटलजी के भतीजे दीपक वाजपेयी और भांजे सांसद अनूप मिश्रा परिवार सहित दिल्ली रवाना हो गए। अटलजी के स्वास्थ्य में सुधार के लिए प्रदेशभर में पूजा-पाठ और दुआओं का दौर जारी है।
प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी बुधवार शाम को एम्स पहुंचे थे। अटलजी को यूरिन इन्फेक्शन की शिकायत के चलते 11 जून को एम्स में भर्ती किया गया था। वे पिछले 9 साल से बीमार चल रहे हैं। मोदी से पहले केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी भी उनसे मिलने एम्स पहुंचीं। इसके बाद केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, सुरेश प्रभु, हर्षवर्धन, जितेंद्र सिंह और अश्विनी कुमार चौबे भी एम्स गए।
मध्य प्रदेश में पूजा-पाठ का दौर25 दिसंवर 1924 को ग्वालियर में अटलजी का जन्म हुआ था। पूरे प्रदेश में उनके लिए दुआ का दौर चल रहा है। जगह-जगह पूजा और प्रार्थना का दौर जारी है। शिवा रूद्र अभिषेक संस्कृति बचाओं मंच द्वारा उनके स्वास्थ्य को लेकर राजधानी भोपाल में भी रुद्राभिषेक किया जा रहा है। वहीं, उज्जैन में बाबा महाकाल के दरबार में पूजा की जा रही है। उनके गृहनगर ग्वालियर के लोग विचलित हैं। आम लोगों और समर्थकों के साथ स्कूल-कॉलेजों के छात्र-छात्राएं भी अटलजी के स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं।
भतीजी बोलीं- उन्हें भाषण देते हुए देखना चाहती हूंग्वालियर में उनकी भतीजी कांति मिश्रा ने कहा कि सभी लोग दिल्ली चले गए हैं। मैं सेहत खराब होने की वजह से नहीं गई। प्रार्थना कर रही हूं कि एक बार फिर अटलजी को भाषण देते हुए देख सकूं। हमारा परिवार कभी भी उनकी छवि को नहीं मिटा सकता। उधर ग्वालियर के आयुर्वेदिक कॉलेज में विद्यार्थियों ने हवन-पूजन कर अटलजी के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। ग्वालियर का शासकीय गोरखी स्कूल जहां पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने शिक्षा की। आज उसी गोरखी स्कूल के मंदिर में शिक्षक और छात्रों ने अटल जी के स्वास्थ को लेकर प्रार्थना की।
सीएम ने किया ट्वीटसीएम ने ट्वीट कर लिखा है कि परम आदरणीय हम सभी के श्रद्धेय श्री अटल बिहारी वाजपेयी के शीघ्र स्वस्थ होने की ईश्वर से प्रार्थना करता हूं। उनके स्वास्थ्य में गिरावट की खबर से मन विचलित है। हम सभी उनके दीर्घायु होने की कामना करते हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार की अपनी जन आशीर्वाद यात्रा को स्थगित कर दिया। मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा कि अटलजी की उपस्थिति मात्र से हमको हौसला मिलता है। वो हमारे बीच बने रहें यही हमारी प्रार्थना है। अटलजी की कविताओं से सभी को प्रेरणा मिलती है। स्वतंत्रता दिवस पर उनकी कविता का उल्लेख किया था। सीएम शिवराज ने कहा कि विदिशा से चुनाव लड़ने के दौरान मैं उनके करीब आया था। जब भी उनसे मिलता था तो वे मुझे विदिशापति कहते थे। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने भी अटल बिहारी वाजपेयी के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।
2009 में तबीयत बिगड़ी, वेंटिलेटर पर रखा गया : 2009 में भी वाजपेयी की तबीयत बिगड़ गई थी। उन्हें सांस लेने में दिक्कत के बाद कई दिन वेंटिलेटर पर रखा गया था। हालांकि, बाद में वे ठीक हो गए और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। इसके बाद कहा गया कि वाजपेयी लकवे के शिकार हैं। इस वजह से वे किसी से बोलते नहीं थे। बाद में उन्हें स्मृति लोप हो गया। उन्होंने लोगों को पहचानना भी बंद कर दिया।
तीन बार प्रधानमंत्री बने : वाजपेयी सबसे पहले 1996 में 13 दिन के लिए प्रधानमंत्री बने। बहुमत साबित नहीं कर पाने की वजह से उन्हें इस्तीफा देना पड़ा। दूसरी बार वे 1998 में प्रधानमंत्री बने। सहयोगी पार्टियों के समर्थन वापस लेने की वजह से 13 महीने बाद 1999 में फिर आम चुनाव हुए। 13 अक्टूबर 1999 को वे तीसरी बार प्रधानमंत्री बने। इस बार उन्होंने 2004 तक अपना कार्यकाल पूरा किया। 2014 के दिसंबर में अटलजी को भारत रत्न देने का एेलान किया गया। मार्च 2015 में तत्कालीन राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने प्रोटोकॉल तोड़ा और अटलजी को उनके घर जाकर भारत रत्न से सम्मानित किया।
No comments