Header Ads

ads header

Breaking News

कांग्रेस का वचन: पेट्रोल 5 रुपए सस्ता करेंगे; व्यापमं सहित विवादित परीक्षाओं की 10 साल की फीस लौटाएंगे

भोपाल.  प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने मंगलवार को यहां दावा किया कि अगर कांग्रेस की सरकार बनती है तो 2008 से 2018 तक हुई व्यापमं, पीईटी, डीमैट सहित विवादों में रही अन्य परीक्षाओं की फीस छात्रों को लौटाई जाएगी। ऐसे करीब 15 लाख छात्र हैं। कांग्रेस यह वचन देती है।
 इसी के साथ तत्काल पेट्रोल-डीजल पर लगने वाला वैट घटाया जाएगा और इस पर से क्रमश: 5 और 3 रुपए कम किए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा सरकार को तो अब तक दाम घटा देने चाहिए थे। हमारी मांग है कि सरकार पेट्रोल-डीजल के दाम कम करे, वैट घटाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नवंबर अंत तक विधानसभा चुनाव संभावित हैं। कांग्रेस का मुकाबला भाजपा के धन-बल से है। मुख्यमंत्री जनआशीर्वाद यात्रा निकाल रहे हैं। 15 साल गुजर जाने के बाद बीजेपी को बहुत सी बातें याद आ रही हैं। पहले बिजली का बिल ज्यादा वसूला गया बाद मे माफ किया गया। मन साफ होता तो ऐसा होता ही नहीं। आशीर्वाद मांगने की जरूरत ही नहीं पड़ती जनता खुद आशीर्वाद दे देती। उन्होंने भाजपा पर सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया और कहा कि जनता के पैसों का राजनीतिक उपयोग किया जा रहा है। अधिकारियों को जनआशीर्वाद यात्रा में भीड़ लाने के निर्देश दिए जा रहे हैं। सरकार बिना बजट के प्रावधान के काम कर रही है। 
अपराधियों की सेंचुरी बना मध्यप्रदेश : उन्होंने कहा कि भाजपा राज में मप्र अपराधियों की सेंचुरी बन गया है। अपराध बढ़ रहे हैं। महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। मप्र की अर्थव्यवस्था चौपट हो गई है। समाज का हर वर्ग इस सरकार से परेशान है। नोट बंदी से क्रय शक्ति कम हुई। आर्थिक गतिविधि घटी है।
बीएसपी और अन्य दलों से चल रही है बात : कमलनाथ ने कहा कि गठबंधन के लिए बसपा, गोंगपा, सपा आदि पार्टियों से बात चल रही है। दिल्ली में भी बसपा से बात हुई है। इसी के साथ कांग्रेस सीटों पर सर्वे भी करवा रही है। उन्होंने कहा कि 10-12 सितंबर तक 80 सीटों पर प्रत्याशी तय करेंगे।
घोषणा नहीं, वचन पत्र होगा : कमलनाथ ने कहा कि कांग्रेस घोषणा पत्र नहीं, वचन पत्र जारी करेगी। इसमें जो लिखा होगा उसे पूरा किया जाएगा। इसे किसान, मजदूर, युवा, महिला, समाज, व्यापारी सहित सभी वर्गों की समस्याओं को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है।