स्मृति से छीनकर राठौर को दिया सूचना प्रसारण मंत्रालय
- मोदी कैबिनेट में बड़ा फेरबदल, पीयूष गोयल बने अस्थाई वित्त मंत्री
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी कैबिनेट में बड़ा फेरबदल किया है। वित्त मंत्री अरुण जेटली की खराब तबीयत को देखते हुए पीयूष गोयल को रेल मंत्रालय के साथ-साथ वित्त मंत्रालय का भी अस्थाई प्रभार दे दिया गया है। स्मृति इरानी से सूचना प्रसारण मंत्रालय का कार्यभार वापस लेकर राज्यवर्धन सिंह राठौर को इसका जिम्मा सौंप दिया गया है। इससे पहले राज्यवर्धन सिंह राठौर के पास राज्य मंत्री का ही दर्जा था। सोमवार को एम्स में अरुण जेटली का किडनी ट्रांसप्लांट हुआ है। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। जेटली की अनुपस्थिति में काफी अहम वित्त मंत्रालय का काम प्रभावित न हो इसे देखते हुए पीयूष गोयल को इसकी अतिरिक्त जिम्मेदारी दे दी गई है। जेटली के ठीक होने तक पीयूष गोयल वित्त मंत्रालय की जिम्मेदारी भी संभालेंगे। स्मृति इरानी के पास अब कपड़ा मंत्रालय का ही प्रभार रहेगा। आपको बता दें कि अरुण जेटली का सोमवार को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान एम्स में किडनी ट्रांसप्लांट सफल रहा। अस्पताल का कहना है कि अब उनकी हालत स्थिर है। एम्स के मीडिया ऐंड प्रोटोकॉल डिविजन की चेयरपर्सन और डॉक्टर आरती विज ने कहा, किडनी ट्रांसप्लांट सफल रहा। किडनी दानकर्ता और प्राप्तकर्ता दोनों की हालत स्थिर है।

No comments