अपने पसंदीदा किसी एक क्षेत्र में समग्र ध्यान केन्द्रित करके कार्य करेंगे तो सफलता आपके कदम चूमेगी- डॉं. शर्मा
- JNKVV में पर्सनालिटी डेव्लपमेंट कार्यशाला संपंन
जबलपुर 28 अप्रैल। जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय स्थित विवेकानन्द सभागार में आयोजित व्यक्तित्व विकास (पर्सनालिटी डेव्लपमेंट) कार्यशाला में विषय वस्तु विशेषज्ञ एवं प्रमुख वक्ता डॉं. नवीन शर्मा, अधिष्ठाता ट्रांस-अनुशासनिक स्वास्थ्य विज्ञान और प्रौद्योगिकी संस्थान, बेंगलौर ने छात्रों का आव्हान किया कि जीवन में 10 जगह हाथ मारने की बजाय अपने पसंदीदा किसी एक क्षेत्र में अपना समग्र ध्यान केन्द्रित करके कार्य करेंगे तो सफलता आपके कदम चूमेगी। टीम वर्क में टीम के हर सदस्य की प्रतिभा का सम्मान करना और आगे बढ़ने के लिये जुनून का होना बहुत जरूरी है। आप एक उत्साही धावक के समान जुनून धारण करें जो जीतने के लिये नहीं दौड़ने का जुनून रख कर दौड़ता है और निश्चित ही जीतता है। उन्होंने आगे कहा कि जीवन में अपना आदर्श व्यक्ति, रूचि और मेंटर जरूर रखना चाहिए, वहीं नशों से दूरी बनाकर अपनी सेहत के प्रति सदैव सावधान रहना चाहिए। डॉं. शर्मा ने सिल्वर स्क्रीन पर फिल्म अभिनेता आमीर खान, सनी देओल, रजनीकान्त, किक्रेटर सचिन तेन्दुलकर और राहुल द्रविड जैसे अनेकों सफल सेलीब्रिटीज के फिल्मी दृश्यों के माध्यम से जीवन में सफलता के संदेशों से अवगत कराया और प्रश्नोत्तर के दौरान छात्रों के जिज्ञासाजनक प्रश्नों के प्रभावी और गूढ़ उत्तर देकर मार्गदर्शित किया।
पूर्व में अधिष्ठाता कृषि महाविद्यालय डॉं. आर.एम. साहू ने प्रतीक चिन्ह प्रदान कर डॉं. शर्मा का अभिनंदन किया। इस मौके पर अधिष्ठाता कृषि अभियांत्रिकी महाविद्यालय डॉं. आर.के. नेमा, उपकुलसचिव (परीक्षा) डॉ. ए.के. सरावगी, विभागाध्यक्ष डॉ. गिरीश झा, एवं डॉ. अतुल श्रीवास्तव आदि मंचासीन थे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अमित झा एवं आभार प्रदर्शन डॉ. शिवशंकर शुक्ला ने किया। सभागार में बड़ी संख्या में कृषि वैज्ञानिक, शिक्षक, पी.एच.डी. और स्नातकोत्तर छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

No comments