''घपला'' वाले जामोद को फिर बनाया कलेक्टर
- चुनाव के पहले गड़बड़ी के आरोप में हटाए गए थे
- 4 आईएएस के ट्रांसफर
भोपाल । मध्य प्रदेश में 4 आईएएस अधिकारियों के तबादले हुए हैं। कटनी कलेक्टर विशेष गढ़पाले को भी हटाया गया है। मुकेश चंद्र गुप्ता एमडी पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी को सचिव वित्त विभाग, बीएस जामौद ओएसडी मंत्रालय को अशोकनगर कलेक्टर, विशेष गढ़पाले कलेक्टर कटनी को हटाकर एमडी पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी पदस्थ किया गया है। साथ ही उपुचनाव के दौरान पिछले महीने अशोकनगर कलेक्टर बनाए गए बीएस चौधरी कोलसानी को कटनी कलेक्टर बनाया है। चौधरी 2011 बैच के आईएएस अधिकारी है। वे अपनी बैच से पहले कलेक्टर बने हैं। मुंगावली विधानसभा उपचुनाव के ठीक पहले हटाए गए आईएएस बीएस जामोद को फिर से अशोकनगर का कलेक्टर बनाया गया है। कांग्रेस की मतदाता सूची में गड़बड़ी की शिकायत पर चुनाव आयोग ने जामोद को हटाने की मांग रखी थी। दरअसल, मुंगावली विधानसभा सीट अशोकनगर जिले के तहत ही आती है। अशोकनगर के मुंगावली में हाल ही में संपन्न हुए उपचुनाव में बड़े पैमाने पर मतदाता सूची में गड़बड़ी पाई गई थी। कांग्रेस ने भोपाल से दिल्ली तक चुनाव आयोग से शिकायत की थी कि मुंगावली में 18000 और कोलारस में 10000 वोटरों के नामों में गड़बड़ी की गई है। इसके बाद जांच में पता चला कि मुंगावली विधानसभा उपचुनाव के लिए तैयार की गई मतदाता सूची में 1800 फर्जी वोटर मिले थे। इसमें 834 मृतकों के नाम मिले थे। बड़ी गड़बड़ी पाए जाने पर अशोकनगर कलेक्टर बीएस जामोद को चुनाव आयोग ने हटा दिया था। वहीं शिवपुरी जिले की कोलारस विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भी मतदाता गड़बड़ी की शिकायत कांग्रेस ने की थी, लेकिन शिवपुरी कलेक्टर पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। अब एक बार फिर बीएस जामोद को अशोकनगर जिले की कमान सौंपी गई है।

No comments