5 दिन से हॉस्टल के चक्कर लगा रहे थे मनचले, लड़कियों ने पकड़वाया, पुलिस ने निकाला जुलूस
- भोपाल. अशोका गार्डन इलाके में 5 दिन से गर्ल्स हॉस्टल के बाहर चक्कर लगा रहे बुलेट सवार दो मनचलों को छात्राओं ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस के हत्थे चढ़ते ही दोनों बदमाश गिड़गिड़ाकर माफी मांगने लगे। पुलिस ने उनके खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अपनी बुलेट के साइलेंसर से गोली चलाने जैसी आवाज निकालकर लोगों को डराते भी थे। पुलिस ने इन दोनों मनचलों और एक लिस्टेड गुंडे का रविवार शाम अशोका गार्डन थाने से इलाके में जुलूस निकला। बदमाशों ने एक-दूसरे की चप्पल निकालकर पिटाई की।
लिस्ट में शामिल 54 बदमाशों के घर पर दबिश दी
पकड़े गए मनचलों में विजय नगर निवासी 18 वर्षीय मोनू उर्फ दीपक महतो पिता प्रसादी लाल, स्टेशन बजरिया निवासी 19 वर्षीय आदित्य बाथम पिता गीता प्रसाद और अशोका गार्डन का लिस्टेड गुंडा 21 वर्षीय आमिर पिता जेनस लाला शामिल हैं। अशोका गार्डन पुलिस ने शनिवार को लिस्ट में शामिल 54 बदमाशों के घर पर दबिश दी। इसमें से पुलिस को केवल आमिर ही मिला, जबकि बाकी बदमाश घर पर ताला लगाकर भाग गए।
बदमाश के पिता ने धमकाया
जुलूस के दौरान आदित्य (सबसे बाएं) के पिता गीता प्रसाद ने पुलिसकर्मियों को देख लेने की धमकी दी। गीता प्रसाद खुद स्टेशन बजरिया का निगरानी बदमाश है और उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं।
पकड़ा तो खुद को बताने लगा दिल का मरीज
अशोका गार्डन इलाके में अपने से आधी उम्र की 20 वर्षीय इंजीनियरिंग छात्रा से छेड़छाड़ के आरोपी 40 वर्षीय मुश्ताक का दिल पुलिस के हत्थे चढ़ते ही कमजोर हो गया। खुद को दिल का मरीज बताते हुए जुलूस नहीं निकाले जाने के लिए गिड़गिड़ाने लगा। परिवार की इज्जत की दुहाई देने लगा।
दसवीं की छात्रा से छेड़छाड़ करने वाला पकड़ाया
हबीबगंज इलाके में दसवीं की छात्रा का पीछा कर छेड़छाड़ करने वाले नाबालिग आरोपी को पुलिस ने धरदबोचा। वह हाथ-पैर जोड़ने लगा। वह बीते कई दिनों से छात्रा को परेशान कर रहा था।
घर में घुसकर छेड़छाड़
बैरागढ़ इलाके में एक बदमाश ने घर में घुसकर 22 वर्षीय महिला से छेड़छाड़ कर दी। महिला के शोर करने पर आरोपी भाग गया। बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
झांसा देकर ज्यादती: बैरागढ़ निवासी 22 वर्षीय युवती एमपी नगर स्थित एक शोरूम में काम करती थी। उसने शिकायत दर्ज कराई है कि ऐशबाग निवासी 25 वर्षीय अजहर शादी का झांसा देकर उससे करीब डेढ़ साल से ज्यादती कर रहा है। महिला थाना पुलिस ने शून्य पर कायमी कर केस डायरी पिपलानी थाना भेजी दी है। आरोपी को जेल भेज दिया है।

No comments