प्रो. गौतम चित्रकूट का ब्रांड एम्बेसडर
- नगर परिषद चित्रकूट का स्वच्छता में नम्बर एक बनने का संकल्प
- मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने स्वच्छता ऐप को डाउनलोड कराया
- ग्रामोदय विश्वविद्यालय में स्वच्छता समिति का गठन होगा
चित्रकूट। भारत सरकार के प्रधानमंत्री द्वारा परिकल्पित स्वच्छ भारत अभियान मध्यप्रदेश में तेजी के साथ गतिशील है। प्रभू श्रीराम की कर्मभूमि चित्रकूट में स्वच्छता कार्यक्रम से गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने की दृष्टि से प्रख्यात शिक्षाविद्, प्रशासक और कुलपति प्रो0 नरेशचन्द्र गौतम को नगर परिषद चित्रकूट ने ब्राण्ड एम्बेसडर बनाया है। प्रो0 गौतम वर्तमान में मध्य प्रदेश शासन द्वारा स्थापित महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय के दूसरी बार कुलपति के पद पर नियुक्त हैं। आज नगर परिषद चित्रकूट के मुख्य नगर पालिका अधिकारी ओमपाल सिंह ने कहा कि मानव जीवन में स्वच्छता का विशेष महत्व है। हमारे प्रधान मंत्री एवं मुख्यमंत्री ने स्वच्छता कार्यक्रम को अभियान के रूप में अंगीकार किया है। सम्पूर्ण देश और प्रदेश में इसका परिणाम प्रत्यक्ष रूप से देखने को मिल रहा है। उन्होने कहा कि चित्रकूट एक एैसा पावन क्षेत्र है जहां प्रत्येक माह लाखों श्रद्धालू नियमित रूप से मंदाकिनी गंगा के स्नान और कामद्गिरि की परिक्रमा के लिये आते हैं। चित्रकूट क्षेत्र में अनेक धार्मिक, आध्यात्मिक, शैक्षणिक, सामाजिक ऊर्जा प्रदान करने वाले प्रभावी केन्द्र हैं।
कुलपति प्रो0 नरेश चन्द्र गौतम को अपना ब्राण्ड एम्बेसडर मनोनीत कर उनके नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में स्वच्छता सर्वेक्षण अभियान 2018 सम्पन्न होगा। स्वच्छता के प्रति जागृति पैदा करने के लिये बैठके, गोष्ठियां, कार्यशालायें, प्रतियोगितायें और सतत् सर्वेक्षण का कार्यक्रम किया जायेगा। श्री सिंह ने बताया कि हमे इस बात की भारी प्रसन्नता है कि कुलपति प्रो0 नरेश चन्द्र गौतम ने ब्राण्ड एम्बेसडर के मनोनयन प्रस्ताव को केवल सहमति ही नहीं प्रदान की बल्कि विश्वविद्यालय के विशेषज्ञ मानव संसाधन और उपलब्ध तकनीकि को भी चित्रकूट की स्वच्छता अभियान के साथ जोड़ने का आश्वासन दिया। उन्होंने नगर परिषद की अध्यक्षा प्राची चतुर्वेदी एवं समस्त सभासदों तथा अपनी ओर से कुलपति का स्वागत तथा अभिनन्दन करते हुये विश्वास व्यक्त किया कि चित्रकूट को नम्बर एक बनाने का संकल्प अब अवश्य पूरा होगा।
नगर परिषद चित्रकूट के तत्वाधान में महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्व विद्यालय परिसर में आज शासन द्वारा सृजित स्वच्छता एप्लीकेशन डाउनलोड किया गया। मुख्य नगर पालिका अधिकारी ओमपाल सिंह के तकनीकी निर्देशों के मध्य आज कुलपति प्रो0 नरेश चन्द्र गौतम के नेतृत्व में विश्वविद्यालय के शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं को स्वच्छता ऐप डाउनलोड किया। द्वितीय चरण में नगर पंचायत के विशेषज्ञों ने प्रौद्योगिकी संकाय, कृषि संकाय, विज्ञान संकाय, कला संकाय, प्रबन्धन संकाय ने जाकर छात्र-छात्राओं को स्वछता ऐप डाउनलोड करने की विधि बताई तथा समूह वार छात्र प्रतिनिधियों को उनके शिक्षकों के निर्देशन में स्वच्छता ऐप डाउनलोड कराया।
ग्रामोदय परिवार पूरी तन्मयता के साथ स्वच्छता कार्यक्रम में सहयोग करेगा
इस अवसर पर कुलपति प्रो0 नरेश चन्द्र गौतम ने अपने मार्गदर्शक उद्बोधन में कहा कि चित्रकूट के ब्राण्ड एम्बेसडर के रूप में जो दायित्व दिया गया है, ग्रामोदय विश्वविद्यालय उसे पूरी तन्मयता और प्राथमिकता के साथ पूर्ण करेगा। उन्होंने कहा कि चित्रकूट क्षेत्र को स्वच्छ रखने में ग्रामोदय विश्व विद्यालय एक प्रभावी पार्टनर की भूमिका अदा करेगा। अपने सुझावों के प्राकट्य में उन्होंने कहा कि चित्रकूट आने वाले श्रद्धालुओं की मानसिकता एवं परिस्थितियां स्थानीय निवासियों से भिन्न होती हैं, प्रभु राम के प्रति श्रद्धा और समर्पण उनकी भावना होती है। मंदाकिनी गंगा में स्नान करना, कामद्गिरि की परिक्रमा लगाना, चित्रकूट क्षेत्र के धार्मिक स्थलों में स्थापित देव प्रतिमाओं के दर्शन करना आदि लक्ष्य होता है। श्रद्धालुओं की इस दिनचर्या को दृष्टिगत रखते हुये उनकी सुविधा और आवश्यकता के अनुसार चित्रकूट में मूत्रालय, शौचालय, स्नान घर, वाहन स्टैण्ड आदि की समुचित व्यवस्था करनी होगी ताकि वह खुले आकाश में मूत्र और मल का त्याग न करें। महिलाओं के लिये पृथक व्यवस्था के साथ पेयजल के प्वाइंट्स भी स्थापित करने होंगे। प्रो0 गौतम ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी ओमपाल सिंह को हर संम्भव सहयोग का आश्वासन दिया।
ग्रामोदय विश्व विद्यालय स्वच्छता व्हाट्स एप सृजित करेगा
कुलपति प्रो0 नरेश चन्द्र गौतम ने कहा कि ग्रामोदय विश्वविद्यालय चित्रकूट स्वच्छता व्हाट्स एप सृजित करेगा। इस व्हाट्स एप से विश्वविद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं को जोड़ा जायेगा ताकि स्वच्छता से जुड़ी जानकारियां तत्काल लोड हो सकें और उनका निदान प्रभावी ढंग से हो सके। इस हेतु प्रो0 गौतम ने सूूचना प्राद्योगिकी विशेषज्ञ डॉ0 भरत मिश्रा और डॉ0 एस0एस0 गौतम को अधिकृत किया।
ग्रामोदय में हुआ स्वच्छता कार्यक्रम पर विचार मंथन
इसके पूर्व सी0एम0सी0एल0डी0पी0 भवन के सभागार में आयोजित स्वच्छता जागरूकता विचार मंथन कार्यक्रम में नगर परिषद चित्रकूट के मुख्य नगर पालिका अधिकारी ओमपाल सिंह ने कुलपति प्रो0 नरेश चन्द्र गौतम को ब्राण्ड एम्बेसडर मनोनीत किये जाने की अधिकृत जानकारी दी तथा नगर परिषद के अभियन्ता इं0 त्रिपाठी के साथ कुलपति प्रो0 गौतम को पुष्प गुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान ग्रामोदय विश्वविद्यालय परिवार के शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं की ओर से पृथक-पृथक प्रतिनिधियों ने कुलपति प्रो0 गौतम को मार्ल्यापण कर बधाई दी। कुलसचिव डॉ0 अजय कुमार ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी ओमपाल सिंह को पुष्प गुच्छ भेंट कर विश्वविद्यालय परिवार की ओर से स्वागत किया।
अन्य विश्व विद्यालयों के जनसंचार विशेषज्ञ भी कार्यक्रम में सम्मिलित हुये
इस कार्यक्रम में माखनलाल राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल के पत्रकारिता एवं जनसंचार विषय के प्राध्यापक डॉ0 श्रीकान्त सिंह, पूर्व आकाशवाणी निदेशक महावीर सिंह, कुलसचिव डॉ0 अजय कुमार, अधिष्ठातागण डॉ0 अमरजीत सिंह, डॉ0 डी0पी0 राय, डॉ0 शशिकांत त्रिपाठी, डॉ0 आंजनेय पाण्डेय आदि मंचासीन रहें। कार्यक्रम में अतिथि परिचय निदेशक एवं मध्यप्रदेश शासन के लिंक अधिकारी डॉ0 अमरजीत सिंह ने दिया। कार्यक्रम का संचालन निदेशक दूरवर्ती शिक्षा डॉ0 वीरेन्द्र कुमार व्यास ने किया। आभार प्रदर्शन कुलसचिव डॉ0 अजय कुमार ने किया। इस अवसर पर नगर परिषद चित्रकूट के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ ही ग्रामोदय विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी और छात्र-छात्रायें उपस्थित रहें।

No comments