जमीनी स्तर पर कड़ी मेहनत करें सत्ता-संगठन : शाह
-
भाजपा अध्यक्ष ने अपने दौरे के आखिरी दिन ली बैठक
- भोपाल प्रवास के अंतिम दिन बैठक में नेताओं को दिया संदेश
- रविवार रात दिल्ली के लिए रवाना हुए अमित शाह
भोपाल, । भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने अपने प्रवास के तीसरे दिन रविवार सुबह प्रदेश कार्यालय में पूर्ण कालिकों से चर्चा की। शाह ने पूर्णकालिकों को खुलकर अपनी बात रखने कहा। उन्होंने बताया गया कि जमीनी स्तर पर अभी सत्ता और संगठन को बहुत काम करने की जरूरत हैं। हकीकत यह है कि सरकार की प्रमुख योजनाओं का क्रियान्वयन बहुत धीमा है। संगठन की जवाबदारी भी तय होना चाहिए। बैठक में आधा सैकड़ा से अधिक पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। जिन्होंने दीनदयाल उपाध्याय जन्मशताब्दी वर्ष के तहत पार्टी को 6 महीने और 1 साल तक का समय दिया है। ये कार्यकर्ता हर विधानसभा क्षेत्र में बूथ स्तर पर सत्ता और संगठन की नब्ज टटोल रहे हैं। बैठक की शुरुआत में शाह ने कहा कि आप लोगों के पास सत्ता और संगठन का अच्छा फीडबैक है, क्योंकि आप अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे हैं। इसलिए सरकारी योजनाएं अंतिम पंक्ति तक पहुंच रही हैं या नहीं खुलकर बताएं। जिसके बाद पूर्णकालिकों ने बोलना शुरू किया। ग्वालियर-चंबल संभाग में काम कर रहे पूर्णकालिक ने बताया कि योजनाओं का जिस तरह से प्रचार किया जाता है, वैसे उनका क्रियान्वयन नहीं हो पाता है। जमीनी स्तर पर सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार भी खूब है। भोपाल संभाग में संगठन विस्तार का काम कर रहे एक पूर्णकालिक ने शाह को बताया कि सत्ता संगठन के लोगों का जनता से संवाद नहीं हो पा रहा है। शाह ने पूर्णकालिकों से कहा कि वे आगे भी अपने सुझाव भेजें। क्योंकि आपके सुझाव के अलग मायने हैं। साथ ही कहा कि बूथ स्तर पर संगठन विस्तार में पूर्णकालिक भी जिम्मेदारी संभालें। इसके बाद अमित शाह मध्य प्रदेश सरकार के आयोजन मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी योजना का शुभारंभ करने भी पहुंचे और छात्र-छात्राओं को संबोधित भी किया। इसी के साथ शाह का तीन दिनी भोपाल प्रवास खत्म हो गया, वे रविवार रात 9 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो गये।
No comments