शिवराज बोले- शिक्षक बनने लड़कियों को 50 प्रतिशत आरक्षण देंगे
-सभी नौकरियों में जारी रहेगा आरक्षण
-शाह ने किया मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी योजना का शुभारंभ, शिवराज की तारीफ में बोले- पूरी दुनिया में मध्य प्रदेश का डंका
भोपाल ()। लाल परेड मैदान पर रविवार को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने राजधानी भोपाल के लाल परेड ग्राउंड पर मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी योजना का शुभारंभ किया। इस मौके पर प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश के वरिष्ठ भाजपा नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम को राजधानी समेत प्रदेश के सभी शासकीय हाईस्कूल व हायर सेकंडरी स्कूलों में दूरदर्शन के माध्यम से लाइव दिखाने की व्यवस्था की गई थी। राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान चयनित छात्रों को प्रमाण पत्र दिए। इसके बाद मंच पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने मुख्यमंत्री की तारीफ करते हुए कहा कि शिवराज ने मध्यप्रदेश को एक बीमारू राज्य की सूची से निकालकर आज देश के सबसे तेजी से बढऩे वाले राज्यों में शामिल है। आज पूरे विश्व में मध्यप्रदेश की चर्चा है। शाह ने शिवराज की योजनाओं की तारीफ करते हुए उपस्थित छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि आप नई ऊंचाईयां छूते हुए नए भारत का निर्माण करने में महत्वपूर्ण योगदान दें। इसके साथ ही शाह ने मोदी सरकार की मेक इन इंडिया, स्किड इंडिया, डिजिटल इंडिया और स्टार्ट अप जैसी योजनायें का लाभ लेने की बात कही। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अमित शाह का स्वागत करते हुए कहा कि मेरे सामने मध्यप्रदेश का टेलेंट बैठा हुआ है। पूरा मध्यप्रदेश एक परिवार है। मैं चाहता हूं आप लोग ईमानदारी से काम करते हुए नए भारत का निर्माण करे। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री की तारीफ की और कहां उन्होंने न सिर्फ देश में बल्कि विदेश में भी देश का मान बढ़ाया है। पीएम ने देश के विकास के लिए कई योजनाएं चलाईं। शिवराज ने कहा कि हमें प्रधानमंत्री के सपनों वाला भारत बनाना है। इस दौरान शिवराज ने शिक्षक बनने के लिए बालिकाओं को प्रोत्साहित किया और कहा कि इसमें पचास प्रतिशत आरक्षण होगा। इसके साथ ही उन्होंने वन विभाग को छोड़कर सभी सरकारी नौकरियों में आरक्षण होगा।
32 हजार छात्रों ने कराया था रजिस्ट्रेशन
योजना में प्रदेश के 32 हजार विद्यार्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। समारोह में विभिन्न जिलों से आए 15 हजार से ज्यादा विद्यार्थी शामिल हुए। इस योजना में वर्ष 2016 या उसके बाद आयोजित 12वीं की माध्यमिक शिक्षा मंडल की परीक्षा में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक अथवा सीबीएसई/आईसीएसई की परीक्षा में 85 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को लाभ मिला।
क्या है मेधावी छात्र योजना, क्या मिलेगा फायदा
-इंजीनियरिंग-जेईई मेन्स परीक्षा में 50 हजार तक की रैंक वाले विद्यार्थियों द्वारा किसी शासकीय अथवा अशासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में प्रवेश लेने पर उसे सहायता मिलेगी।
-शासकीय कॉलेज की पूरी फीस (मेस शुल्क एवं कॉशन मनी छोड़कर) दी जाएगी।
-प्राइवेट कॉलेज की फीस में डेढ़ लाख रुपये या वास्तविक शुल्क (शुल्क समिति द्वारा निगमित, मेस शुल्क एवं कॉशन मनी छोड़कर) जो कम हो, शासन द्वारा दी जाएगी।
-यदि किसी इंजीनियरिंग कॉलेज में पृथक प्रवेश परीक्षा के आधार पर प्रवेश दिया जाता है और छात्र की रैंक जेईई मैन्स में 50 हजार के अंदर है, तो उसे भी पात्रता होगी।
-मेडिकल राष्ट्रीय पात्रता और प्रवेश परीक्षा (नीट) के माध्यम से केंद्र्र या राज्य के किसी भी शासकीय मेडिकल/डेंटल कॉलेज अथवा मध्यप्रदेश के किसी प्राइवेट मेडिकल कॉलेज/डेंटल कॉलेज में एमबीबीएस एवं बीडीएस पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने पर योजना का लाभ मिलेगा।
-विद्यार्थियों को देय शुल्क राज्य शासन द्वारा दी जाएगी। नीट अथवा भारत शासन के अंतर्गत ऐसे संस्थान, जो स्वयं के द्वारा आयोजित परीक्षा के आधार पर प्रवेश देते हैं, को भी योजना में सम्मिलित किया गया है। लॉ क्लेट के माध्यम से देश के किसी भी राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय में बारहवीं कक्षा के बाद के कोर्स की विद्यार्थियों को देय शुल्क राज्य सरकार द्वारा दी जाएगी।
शाह के सामने पूर्व विधायक ने खोली नेताओं की पोल
सब चापलूसी कर रहे हैं, जनता नाराज है
अमित शाह ने रविवार सुबह भाजपा कार्यालय में बैठक ली। इस दौरान पूर्व विधायक गोरेलाल अहिरवार ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष से बैठक के दौरान कहा, यहां पर सब अच्छी-अच्छी बातें कर आप की चापलूसी कर रहे हैं। मैं अभी क्षेत्र में घूमकर आया हूं। किसानों और जनता में सरकार के प्रति भारी नाराजगी है। किसान को फसलों की उचित कीमत नहीं मिल रही है। जिसके कारण वह परेशान और नाराज है। उनकी सुनने वाला कोई नहीं है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने पूर्व विधायकों और सांसदों को भी बैठक में बुलाया था, और उनसे भी सुझाव लिए थे।
कांग्रेस ने पैदल मार्च कर छोड़े काले गुब्बारे
प्रदेश सरकार द्वारा हजारों करोड़ का घोटाला किये जाने के आरोपों का जवाब देने से अमित शाह बच रहे हैं। यह आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने रविवार को पैदल मार्च निकालकर जमकर नारेबाजी करते हुए गुब्बारे छोड़े। रविवार को राजीव गांधी की जंयती मनाने के बाद कांग्रेस के नेता प्रदेश भाजपा दफ्तर की ओर काले गुब्बारे लेकर चल दिए। कांग्रेस का आरोप है कि शाह प्रदेश सरकार पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों का जवाब देने से बच रहे हैं। राजीव गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद शहर कांग्रेस अध्यक्ष पीसी शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेसी भाजपा दफ्तर की ओर चल दिए। इन लोगों के हाथों में काले रंग के गुब्बारे भी थे।
केपशन- शाह ने आदिवासी के घर खाया खाना
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह रविवार को दोपहर का भोजन करने रातीबड़ थानाक्षेत्र के सेवनिया गोंड गांव के एक खपरैल वाले घर में पहुंचे। यह घर आदिवासी कमल सिंह का है। शाह ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के साथ जमीन में बैठकर खाना खाया। उन्हें दाल-बाटी चूरमा, कढ़ी-चावल, पापड़ परोसा गया। दरअसल, अमित शाह जिस भी राज्य के दौरे पर जाते हैं, वहां एक समय का भोजन दलित या आदिवासी के घर पर करते हैं। सभी को दोना-पत्तल में भोजन परोसा गया और सबने भोजन की तारीफ की।

No comments