रिटायर्ड शिक्षक ने दान किए 70 हजार, ताकि बच्चों को पानी मिल सके
-शिक्षक बने मिसाल: स्कूल में जल समस्या देख द्रवित हुआ मन, लगवाया जल कनेक्शन
छिंदवाड़ा। आज के जिस युग में भ्रष्टाचार की खबरें सामने आ रही हैं इस बीच जिले के ग्रामीण क्षेत्र से अच्छी खबर आई है। एक रिटायर्ड शिक्षक ने अपनी जमापूंजी अपने स्कूली बच्चों के नाम कर दी। करीब 31 साल सरकारी शिक्षक रहे सुरेश मालवी ने स्कूल में जल की सुचारू व्यवस्था के लिए 70 हजार रुपये दान कर दिये। वे 30 जून को मारई प्राथमिक विद्यालय से प्रभारी प्रधान पाठक के पद पर रहते रिटायर हुए हैं। मालवी ने ईएमएस को बताया कि हमारे स्कूल में मासूम बच्चों को पीने के पानी के लिए करीब आधा किमी दूर जाना पड़ता था, इसके बाद भी उन्हें स्वच्छ जल नहीं मिल पाता था। कई बार सरकारी प्रयास किए गए, लेकिन कोई असर नहीं हुआ। सुरेश मालवी ने बताया कि जब मैं रिटायर होनेे होने वाला था तो मन में सवाल आया, क्यों न स्कूल के लिए कुछ लिए कुछ किया जाये। इसके बाद मैंने खुद के खर्च से ग्राम पंचायत मारई में संचालित नल जल योजना से प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालय में नल कनेक्शन लगवाया और विद्यालय की छत पर एक हज़ार लीटर की टंकी रखवाई फिर दोनों स्कूलों में अलग अलग छोटी टंकी में कनेक्शन करके पाइप लाइन बिछवाई। साथ ही प्राथमिक विद्यालय में पांचवी कक्षा के छात्रों के लिए करीब 15 हज़ार रुपये की डेस्क बनवाईं।
देशभक्त परिवार से आते हैं सुरेश
सुरेश कुमार मालवी कोयलांचल के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं गोवा मुक्ति आंदोलनकरी किसनलाल मालवी जी के बड़े दामाद हैं। मालवी की विदाई समारोह में सर्वश्री अमित वर्मा, मोहन बघेल, देवकुमार पानकर, श्रीमती साहू मेडम एवं साथी कर्मचारी द्वारा उनके सेवानिवृत होने पर स्वस्थ्य एवं उज्वल भविष्य की कामना के साथ भावभीनी विदाई दी गई।

No comments