जल्द ही आपके मकान को भी मिलेगा 'आधार'
बेंगलुरू जल्द ही आपके घर को भी 'आधार' मिल सकता है। सरकार सभी घरों को भू-स्थैतिक लोकेशन आधारित एक यूनिक डिजिटल आईडी देने पर विचार कर रही है। केंद्र के स्मार्ट सिटी मिशन प्रॉजेक्ट के अंतर्गत राज्य सरकार जल्द ही इसे शामिल करने का प्रस्तावित कर सकती है। इस सिस्टम से आधार कार्ड की तरह ही एकदम सटीक अड्रेस मिलेगा। स्मार्ट सिटी प्रॉजेक्ट के नोडल ऑफिसर मुरलीधर तुरुवेकेरे ने कहा, शहर के हर पते को एक आठ डिजिट का अल्फान्यूमेरिक कोड दिया जाएगा जिसे स्टैंडराइज्ड डिजिटल अड्रेस नंबर कहा जाएगा। बाद में, इन सभी अड्रेस वाले एक केंद्रीयकृत कोष को पब्लिक के लिए उपलब्ध करा दिया जाएगा। इस डिजिटल नंबर सिस्टम के जरिए हर घर ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम (जीपीएस) के जरिए गूगल मैप पर तुरंत टैग हो जाएगा। तुरिवेकेरे ने कहा, इस डिजिटल सिस्टम का बाद में विस्तार ऐसी जगहों पर भी किया जाएगा जहां अभी तक कोई प्रॉपर्टी नहीं है। बाद में, इन जगहों के डिजिटल कोड को भूमि के मालिकों के साथ लिंक कर दिए जाएंगे। इससे सभी अड्रेस की तुरंत पहचान की जा सकेगी।

No comments