15 दिन में ट्रंप पर दर्ज हुए 52 केस, 40 प्रतिशत लोग चाहते हैं हटाना
वॉशिंगटन। सत्ता में आने के फौरन बाद अमूमन नेता जनता के चहेते होते हैं। लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस मामले में भी जुदा हैं। ट्रंप को अभी व्हाइट हाउस का जिम्मा संभाले बमुश्किल 2 हफ्ते ही हुए हैं, लेकिन करीब 40 फीसदी अमेरिकी जनता उनके खिलाफ महाभियोग चलाने के पक्ष में है। 20 जनवरी को शपथ लेने के बाद उनके खिलाफ 17 राज्यों में 52 केस दर्ज हुए हैं।पब्लिक पॉलिसी पोलिंग के सर्वे के मुताबिक 10 में से 4 वोटर्स ने राष्ट्रपति ट्रंप को महाभियोग के जरिए हटाने की बात कही। करीब हफ्ता भर पहले 35 फीसदी वोटरों ने यही राय जाहिर की थी। पब्लिक पॉलिसी पोलिंग के अध्यक्ष डीन डेबनाम ने एक बयान मे कहा, मतदाताओं का बहुमत बराक ओबामा को एक बार फिर राष्ट्रपति के तौर पर देखना चाहता है। 52 फीसदी लोग व्हाइट हाउस में ओबामा की वापसी चाहते हैं। सिर्फ 43 फीसदी लोगों ने ट्रंप को ओबामा से बेहतर राष्ट्रपति बताया।
ईरान के 13 व्यक्तियों और 12 संस्थानों पर अमरीका का प्रतिबंध
ईरान द्वारा बैलिस्टिक मिसाइल के परीक्षण से तिलमिलाए अमरीका ने ईरान के 13 व्यक्तियों और 12 संस्थानों पर प्रतिबंध लगा दिया है। ट्रंप ने सैन्य कार्रवाई से भी इंकार नहीं किया है। मिसाइल परीक्षण के तुरंत बाद अमरीका ने ईरान के लिए चेतावनी जारी की थी। ईरान ने उसे खारिज करते हुए उकसावे वाला कदम करार दिया था।साथ ही मिसाइल कार्यक्रम जारी रखने की भी बात कही।इससे खफा ट्रंप सरकार ने गुरुवार को ईरान के खिलाफ नए सिरे से प्रतिबंध लगाने के संकेत दिए थे। इसी क्रम में शुक्रवार को उक्त प्रतिबंधों की घोषणा कर दी गई। गौरतलब है कि इससे पहले ईरान ने शुक्रवार को फ्रीस्टाइल कुश्ती विश्वकप में हिस्सा लेने वाले अमरीकी पहलवानों के दल के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया था। ट्रंप ने जिन सात देशों पर वीजा प्रतिबंध प्रतिबंध लगाया है उनमें ईरान भी शामिल है।
अमेरिका ने 60,000 वीजा रद्द किये
ट्रंप के मुस्लिम बहुल सात देशों के लोगों पर प्रतिबंध लगाने वाले विवादित आव्रजन आदेश पर हस्ताक्षर करने के बाद से अमेरिका ने 60,000 वीजा रद्द किए हैं। अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने यह जानकारी दी। पिछले सप्ताह ट्रंप के हस्ताक्षर वाले इस आदेश में इराक, सीरिया, सूडान, ईरान, सोमालिया, लीबिया और यमन के नागरिकों के अमेरिका में प्रवेश पर 90 दिनों के रोक की बात की गई है।
जज ने ट्रंप के यात्रा प्रतिबंध पर लगाई रोक
अमेरिका के एक जज ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से सात मुस्लिम बहुल देशों के यात्रियों और प्रवासियों पर लगाए गए प्रतिबंध पर अस्थायी तौर पर रोक लगा दी है। सीएटल में अमेरिकी जिला जज जेम्स रॉबर्ट ने यह फैसला सुनाया कि राज्यों का रूख ट्रंप के आदेश के प्रति चुनौतीपूर्ण था। ट्रंप के पिछले सप्ताह के आदेश से देशभर में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए थे और कई यात्रियों को रोक लिए जाने के कारण हवाई अड्डों पर संशय की स्थिति पैदा हो गई थी।

No comments