आप पर भी है 13 हजार 853 रुपए का कर्जा
भोपाल,।
यह खबर आपको चकित कर सकती है, लेकिन यह सच खबर है। आप पर 13 हजार 853 रुपए का कर्ज है। आप ही नहीं, आपके परिवार के हर सदस्य पर इतना ही कर्ज है। यह बात खुद सरकार ने स्वीकारी है। आपने भले ही किसी भी बैंक से एक रुपए का भी कर्ज न लिया हो, लेकिन आप कर्जदार तो हैं। दरअसल, प्रदेश के ऊपर 1 लाख 11 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा का कर्ज है। इस हिसाब से प्रदेश के हर व्यक्ति के ऊपर 13 हजार 853 रुपए का कर्ज आएगा। कांग्रेस विधायक रामनिवास रावत को दिए लिखित जवाब में ये जानकारी वित्त मंत्री जयंत मलैया ने दी है। उन्होंने बताया है मार्च 2016 तक सरकार पर कर्ज 1 लाख 11 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा था। मार्च 2017 तक कर्ज बढ़कर डेढ़ लाख करोड़ रुपए से ज्यादा हो सकता है।
ऐसे चढ़ते गया कर्जा
प्रदेश पर यह कर्ज का बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है। 31 मार्च 2014 में सरकार के ऊपर 77 हजार 413 करोड़ रुपए से ज्यादा कर्ज था। ये 31 मार्च 2015 में बढ़कर 94 हजार 979 करोड़ रुपए हो गया।

No comments