शिवराज जाएंगे, भूपेंद्र बनाये जा सकते हैं सीएम, झूठी है यह खबर
![]() |
| shivraj gone to up and bhupendra singh is news cm of mp |
दरअसल, यह अफवाह सोशल मीडिया पर चल रही है। इस पर आधिकारिक, औपचारिक या अनौपचारिक तौर पर कोई भी कुछ नहीं कह रहा है। सोशल मीडिया पर चल रही चर्चा में बताया जा रहा है कि सूबे के गृह एवं परिवहन मंत्री भूपेन्द्र सिंह को 40 दिन के लिए मध्यप्रदेश का मुख्यमंत्री बनाया जा रहा है। खासकर, व्हाट्स एप पर यह खबर खूब वायरल हो रही है।
इस खबर में लिखा गया है कि बिग ब्रेकिंग - एमपी के गृहमंत्री माननीय भूपेन्द्र सिंह जी 40 दिन के लिए बन सकते हैं मुख्यमंत्री। सीएम शिवराजसिंह को उत्तरप्रदेश का प्रभारी बना दिया गया है 40 दिन के लिए। सरकार जल्द कर सकती है एलान !
हालांकि, राजनीति और सरकार को समझने वाले लोग इस खबर को अफवाह करार दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल यह खबर पूरे प्रदेश में फैल रही है। तुर्रा यह कि भूपेन्द्र सिंह के समर्थक एक-दूसरे को बधाई देने भी लग गये हैं। इस पूरे मामले पर भूपेन्द्र सिंह ने बुधवार रात को खंडन किया है। महज इसे अफवाह बताया है। अब भूपेन्द्र सिंह खेमा ये पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि ये खबर उनके किसी समर्थक ने अति उत्साह में वायरल की है या फिर उनके राजनीतिक विरोधियों ने उन्हें सियासी तौर पर नुकसान पहुंचाने के लिए ये साजिश रची है।
जहां तक सीएम शिवराज सिंह और भूपेन्द्र सिंह के रिश्तों के सवाल है तो मौजूदा मंत्रिमंडल में सीएम शिवराजसिंह के सबसे ज्यादा विश्वासपात्र लोगों में भूपेन्द्र सिंह का नाम है। दूसरी ओर सरकार के कामकाज की जानकारी रखने वाले लोग बताते हैं कि अगर सीएम शिवराजसिंह को यूपी चुनाव का प्रभारी बनाया जाता है और प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी सौंपी भी जाती है तो वे इतने व्यस्त भी नहीं रहनेवाले हैं।
यह भी साफ नहीं किया गया है कि यदि सीएम सात दिन से ज्यादा देश के बाहर हों या फिर ऐसी स्थिति में हों कि काम न कर सकें तो इस संबंध में बाकायदा एक आदेश जारी किया जाता है। ऐसे हालात में किसी वरिष्ठ मंत्री को प्रभार दिया जाता है। पर, उनके अधिकार सीएम की तरह के नहीं होते हैं।

No comments