लोकसभा चुनाव / नमो ऐप पर सर्वे लॉन्च, लोगों से सवाल- क्या महागठबंधन का असर दिख रहा है?
- प्रधानमंत्री मोदी ने वीडियो शेयर कर जनता से नमो ऐप सर्वे में हिस्सा लेने की अपील की
- सर्वे में 8 सवाल पूछे गए हैं, मोदी ने कहा- लोगों की राय अहम फैसले लेेने में मददगार
नई दिल्ली. लोकसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के कामकाज और मुद्दों को लेकर जनता की राय जानना चाहते हैं। मोदी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है। इसमें प्रधानमंत्री ने जनता से नमो ऐप के सर्वे में हिस्सा लेने की अपील की है। सर्वे में 8 प्वाइंट शामिल किए गए हैं। इसमें लोगों से सरकार के कामकाज, मुद्दों, भाजपा नेताओं के बारे में पूछा गया है। एक प्वाइंट महागठबंधन पर भी है। इसमें पूछा गया है कि क्या आपको प्रस्तावित महागठबंधन का आपके संसदीय क्षेत्र में कोई प्रभाव दिखाई पड़ रहा है।
मोदी ने फेसबुक और ट्विटर पर शेयर किया वीडियो
- फेसबुक और ट्विटर पर शेयर किए वीडियो में मोदी ने कहा, "नमो ऐप पर एक सर्वे लॉन्च किया गया है। मैं नमो ऐप पर सर्वे के माध्यम से आपकी राय जानना चाहता हूं। आपका फीडबैक मायने रखता है। विभिन्न मुद्दों पर आपका फीडबैक हमें महत्वपूर्ण फैसले लेने में मदद करेगा।"
- वीडियो में मोदी ने कहा- क्या आप इस सर्वे को भरेंगे और दूसरों से भी ऐसा ही करने की अपील करेंगे।
सर्वे में पूछे गए सवाल
- 1.जब आप वोट देने जाते हैं तो कौन सा मुद्दा सबसे ज्यादा ध्यान में रखते हैं। स्वच्छता, रोजगार, शिक्षा, कानून-व्यवस्था, मंहगाई, भ्रष्टाचार और किसान कल्याण।
- 2.आपके लोकसभा क्षेत्र के तीन लोकप्रिय भाजपा नेताओं के नाम बताएं?
- 3.क्या आपको लगता है कि सरकार की कार्यप्रणाली सुधर रही है? (हां या नहीं)
- 4.क्या आप देश के भविष्य को लेकर पहले से ज्यादा आशावादी महसूस करते हैं?
- 5.क्या आप अपने क्षेत्र में प्रस्तावित महागठबंधन का प्रभाव देखते हैं?
- 6.क्या आप भाजपा के लिए वॉलेंटियर बनने की इच्छा रखते हैं?
- 7.क्या आपने भाजपा को दान दिया है?
- 8.क्या आपको नमो की टी-शर्ट, मग आदि मिल हैं?
No comments