Header Ads

ads header

Breaking News

भाजपा: काश्यप की सीट पर हिम्मत का दावा, हाड़ा के क्षेत्र में देवेंद्र सक्रिय

भोपाल.मंत्रियों के साथ-साथ भाजपा के मौजूदा विधायकों के लिए पार्टी के भीतर ही नए दावेदारों ने मुश्किल खड़ी कर दी है। पूर्व गृहमंत्री रहे हिम्मत कोठारी ने रतलाम सिटी के वर्तमान विधायक चैतन्य कुमार काश्यप की सीट पर दम दिखा दिया है, जबकि ऊर्जा विकास निगम के अध्यक्ष व केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के करीबी विजेंद्र सिंह सिसोदिया के बेटे देवेंद्र ने सोशल मीडिया पर ऑडियो जारी कर कहा है कि वे शुजालपुर सीट से प्रत्याशी के लिए पार्टी को आवेदन दे रहे हैं, इसके लिए आशीर्वाद चाहिए, जबकि शुजालपुर सीट से जसवंत सिंह हाड़ा दो बार के विधायक हैं।
यही स्थिति कई दूसरी सीटों पर भी बन रही है, जिसने संगठन के सामने दिक्कत खड़ी कर दी है। हिम्मत कोठारी इसी सिलसिले में गुरुवार को भोपाल में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मिलने वाले थे, लेकिन ऐन वक्त पर कार्यक्रम बदलने के कारण उनकी भोपाल में मुलाकात नहीं हो सकी। दिल्ली से मुख्यमंत्री सीधे इंदौर पहुंच गए। देवेंद्र और हिम्मत के अलावा राजधानी भोपाल में भी भाजपा के मौजूदा विधायकों के रहते नए दावेदारों ने मजबूती से अपना दावा ठोक रखा है।
गोविंदपुरा में आलोक-तपन तो मध्य में ध्रुवनारायण सक्रिय:
पूर्व मुख्यमंत्री व गोविंदपुरा से विधायक बाबूलाल गौर की सीट पर महापौर आलोक शर्मा और पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष तपन भौमिक काम कर रहे हैं। भोपाल शहर जिलाध्यक्ष व विधायक सुरेंद्रनाथ सिंह की विधानसभा में पूर्व विधायक ध्रुवनारायण सिंह और प्रदेश प्रवक्ता राहुल कोठारी सक्रिय हैं। बैरसिया विधायक विष्णु खत्री और हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा की सीटों पर भी नए दावेदार आ गए हैं। उत्तर की सीट पर भाजपा की भक्ति शर्मा नया चेहरा बनकर सामने आई हैं।
इन जिलों में भाजपा की परेशानी बढ़ी
जबलपुर :मंत्री शरद जैन जबलपुर उत्तर सीट से विधायक हैं। इस पर धीरज पटेरिया भी काम कर रहे हैं। पनागर सीट से सुशील तिवारी विधायक हैं, जबकि यहां पूर्व विधायक नरेंद्र त्रिपाठी लगातार जनता के बीच बैठक कर रहे हैं।
मुरैना :मंत्री रुस्तम सिंह की सीट से जिलाध्यक्ष रहे अनूप सिंह भदौरिया ने दावेदारी कर दी है। मेहगांव से मौजूदा विधायक चौधरी मुकेश सिंह चतुर्वेदी के क्षेत्र में राकेश शुक्ला एक्टिव हैं।
टीकमगढ़ : निवाड़ी सीट से अनिल जैन विधायक हैं, जबकि इसी सीट पर भाजपा के ही वरिष्ठ नेता सुमित मिश्रा ने दावेदारी कर दी है।
सतना :सांसद गणेश सिंह के बेटे उमेश सिंह रामपुर बघेलान की सीट पर नजर जमाए हुए हैं। इस सीट से वर्तमान में राज्यमंत्री हर्ष सिंह विधायक हैं।
होशंगाबाद : विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीतासरन शर्मा की होशंगाबाद सीट पर नगर पालिका अध्यक्ष अखिलेश खंडेलवाल काम कर रहे हैं। सिवनी मालवा की पूर्व मंत्री सरताज सिंह की सीट पर खनिज निगम के अध्यक्ष शिव चौबे दावा कर रहे हैं।
बालाघाट : वारासिवनी के मौजूदा विधायक डॉ. योगेंद्र निर्मल हैं। इस सीट पर संजय सिंह काम कर रहे हैं।
इंदौर :इंदौर-तीन से ऊषा ठाकुर विधायक हैं, जबकि इसी सीट पर ललित पोरवाल और गोविंद मालू सक्रिय हैं। इंदौर-चार सीट से महापौर मालिनी गौड़ विधायक हैं। यहां शंकर ललवानी ने दावेदारी रखी है।
हर सीट पर दो से तीन दावेदार :पार्टी दफ्तर में अभी तक एक हजार से अधिक आवेदन टिकट की दावेदारी के पहुंच गए हैं। सितंबर में इसमें तेजी आएगी। पार्टी इन सभी को सूचीबद्ध कर प्रदेश चुनाव समिति की पहली बैठक में रखेगी।

No comments