अपेक्स बैंक हाउसिंग सोसायटी का पूर्व अध्यक्ष कर रहा मनमानी
भोपाल । अपेक्स बैंक एम्पलाईज हाउसिंग सोसायटी के प्रतिष्ठित चुनाव में हुई हार को पूर्व अध्यक्ष ओम पाटीदार पचा नहीं पा रहे हंैं। अब वे इस प्रकार के काम कर रहे है ताकि किसी भी प्रकार से विवाद की स्थिति निर्मित हो जाए। पाटीदार पर अध्यक्ष रहने के दौरान वित्तीय अनियमितताओं सहित कई अन्य गंभीर आरोप हैं जिनकी जांच सहकारिता विभाग सहित पुलिस द्वारा की जा रही है। इसलिए वे नहीं चाहते हैं कि सोसायटी की नई कार्यकारिणी जल्दी से कार्यभार ग्रहण करे ताकि समय मिलने पर वे रिकॉर्ड से छेड़छाड़ कर खुद को पाक-साफ साबित कर पाएं। पूर्व निर्धारित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार दिनॉंक 21.06.2018 को सोसायटी के चुने गये डायरेक्टरों के द्वारा अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित अन्य पदों का चुनाव होना था जिसके लिए शाम 5.30 बजे का समय निर्धारित था। पर अचानक ही निर्वाचन अधिकारी एच.एन. वर्मा गायब हो गये और सोसायटी के प्रशासक सुधाकर पाण्डेय (विभागीय अधिकारी) ने बताया कि वर्मा का स्वास्थ्य खराब हो गया है, वे बेड रेस्ट पर है, अत: वे आगामी तीन दिन तक अवकाश में रहेंगे। सूत्रों का कहना है कि वर्मा, पूर्व अध्यक्ष के इषारे पर ही अवकाश पर गए हैं। इस दौरान सोसायटी की कॉलोनी में पाईप लाईन सहित पार्क के विकास कार्य कराये जा रहे हैं इसमें पूर्व अध्यक्ष अपनी मनमानी कर रहा है। पूर्व अध्यक्ष द्वारा आनन फानन में इस तरह कार्य कराया जाना गंभीर वित्तीय अनियमितताओं की ओर इशारा कर रहा है।
नवनिर्मित टीम उप पंजीयक से मिली
नवनिर्वाचित डॉयरेक्टरों ने शनिवार के उप पंजीयक, सहकारी संस्थायें जिला भोपाल एवं निर्वाचन प्राधिकारी से मुलाकात की। टीम ने सोसायटी की बाकी चुनाव प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के लिए अविलंब नये निर्वाचन अधिकारी की नियुक्ति की मांग की। ताकि चुनाव प्रक्रिया शीघ्र सम्पन्न करायी जाकर पुरानी कार्यकारिणी से यथाशीघ्र चार्ज लिया जा सके।

No comments