दीनदयाल शोध संस्थान के अभय महाजन ने ग्रामोदय को दी सलाह
चित्रकूट। महात्मा गॉधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय द्वारा उन्नत भारत अभियान के अंतर्गत एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला के मुख्य अतिथि श्री अभय महाजन, संगठन सचिव दीनदयाल शोध संस्थान ने नाना जी के विकास प्रादर्श पर ग्रामोदय विश्वविद्यालय को चयनित 5 गांवों में कार्ययोजना बना कर शासकीय संस्थानों और स्वैच्छिक संगठनों के साथ मिलकर कार्य करने हेतु प्रेरित किया। उन्होंने दीन दयाल शोध संस्थान की स्वावलम्बन, कृषि, शिक्षा, इत्यादि गतिविधियों के साथ ग्रामोदय विश्वविद्यालय को अपनी क्षमता, विशेषज्ञता, छात्र ऊर्जा का सदुपयोग कर कार्य करने हेतु सुझाव दिया।
कार्यशाला के अध्यक्ष प्रो. एन.सी. गौतम ने नानाजी के चिंतन और दर्शन के अनुरूप स्वावलम्बी, सुन्दर और अक्षय गांव पर कार्य करने हेतु संस्थानों के अनुकूलतम उपयोग एवं तकनीकी अनुप्रयोग के माध्यम से चयनित 5 गांवों के विकास पर बल दिया। उन्होंने विश्वविद्यालय के विकास कार्य में दीन दयाल शोध संस्थान, सदगुरू सेवा संघ ट्रस्ट एवं शासकीय संस्थाओं का सहयोग लेने हेतु रोड मैप तैयार करने का निर्देश दिया। कार्यशाला में उन्नत भारत अभियान के संयोजक डॉ. देवेन्द्र प्रसाद पाण्डेय, कार्यशाला के आयोजक सचिव डॉ. राजेश कुमार त्रिपाठी, ग्रामीण विकास एवं व्यवसाय प्रबंधन संकाय के अधिष्ठाता डॉ. अमरजीत सिंह ने अपने विचार रखे। दूसरे सत्र में विश्वविद्यालय 5 संकायों के प्रतिनिधि डॉ. विनोद शंकर सिंह, डॉ. उमेश कुमार शुक्ल, इं. राजेश सिन्हा, डॉ. शशिकान्त त्रिपाठी एवं डॉ. राजेश कुमार त्रिपाठी ने अपने-अपने संकाय के चयनित गांव की कार्ययोजना प्रस्तुत की।
No comments