Header Ads

ads header

Breaking News

कमलनाथ के आने से क्या भाजपा हटेगी, प्रदेश की जनता बचेगी, पढ़े पूरी खबर



  • मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की ताजपोशी, नाथ ने भरी हुंकार 
  • सबसे लंबा रोड शो : 7 घंटे तक रोड शो कर दिखाई ताकत

भोपाल से दीपक राय की रिपोर्ट...
मध्यप्रदेश के नवनियुक्त कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ की ताजपोशी हो गई। मंगलवार शाम को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय (पीसीसी) में उन्होंने यह पदग्रहण किया। अध्यक्ष बनने के बाद वे पहली बार भोपाल एयरपोर्ट पर विशेष विमान से सुबह 10.30 बजे पहुंचे। इसके बाद हजारों की तादाद में युवाओं के साथ निकला उनका रोड शो ने सारे कीर्तिमान तोड़ दिये। 50 से अधिक अलग-अलग स्थानों पर कमलनाथ का स्वागत किया गया। 7 घंटे के रोड शो के बाद वे शाम साढ़े 5 बजे पीसीसी पहुंचा। जहां पर उन्होंने कार्यकर्ताओं की जनसभा को संबोधित किया। इसके बाद शाम 6 बजे कमलनाथ मीडिया से रूबरू हुए। कमलनाथ की इस ताजपोशी को कांग्रेस का शक्तिप्रदर्शन भी माना जा रहा है। रैली के दौरान कमलनाथ ने कहा कि मध्यप्रदेश की शिवराज सरकार ने जनता को धोखा दिया है, अब वक्त आ गया है, भाजपा हटाओ प्रदेश बचाओ। पहले ही दिन इस नारे को सुनते ही भाजपा में बैचेनी बढ़ गई है।

किसान पुत्र कहने वाले शिवराज झूठ बोलते है : नाथ
पीसीसी दफ्तर में कमलनाथ ने बतौर अध्यक्ष पहले संबोधन में कहा कि खुद को किसान पुत्र कहने वाले शिवराज झूठ बोलते हैं, सबसे ज्यादा किसान ही परेशान है। मध्य प्रदेश भ्रष्ट प्रदेश बन गया है। कमलनाथ ने कहा मोदीजी कहते हैं अच्छे दिन आने वाले हैं, अच्छे दिन सिर्फ भाजपा नेताओं के आये हैं, जो दो पहिया चलते थे अब चार पहिया वाहन में घूमते हैं। अब सबने निर्णय कर लिया है 2018 में हम सबके साथ मिलकर कांग्रेस की सरकार बनाएंगे। कांग्रेस आदिवासियों की रक्षा करेगी। किसान, युवा और समाज का हर वर्ग परेशान है। अगर आपने मुझ पर विश्वास जताया है तो भरोसा रखिए कांग्रेस प्रदेश को खुशहाली के रास्ते पर ले जाएगी। मैं आपका सिर झुकने नहीं दूंगा। आंकड़ों की कलाकारी बंद करनी होगी। अब ये सरकार नहीं चलने देंगे। कमलनाथ ने गांधी परिवार से अपने संबंधों को भी याद किया। उन्होंने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव का धन्यवाद किया। बोले- जब लोग समझते थे कि कांग्रेस हमेशा के लिए समाप्त हो गई है, तब अरुण यादव जी ने आगे बढ़कर इसकी जिम्मेदारी संभाली।

शिवराज के 14 साल जनता बेहाल, भाजपा नेता मालामाल: सिंधिया
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कमलनाथ इस पद को स्वीकार कर सुशोभित कर रहे हैं। शिवराज सिंह के 14 सालों ने जनता को बेहाल किया है और बीजेपी के नेता 14 सालो में मालामाल हुए हैं। उन्होंने कहा श्रम दिवस पर संकल्प ले कि बीजेपी सरकार को उखाड़ फेंकना है। ज्योतिरादित्य सिंधिंया ने कहा है कि रैली आगाज है, अब भाजपा की रवानगी तय है।

2018 में बनाएंगे कांग्रेस की सरकार : अजय सिंह
नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा कि कमलनाथ ने संजय गांधी के साथ मिलकर गलियों से अपनी राजनीति की शुरुआत की थी। मैं आश्वासन देना चाहता हुआ, यह वक्त है बदलाव का, 14 साल से ऊपर वनवास को हो गया है, लेकिन कमलनाथ और सिंधिया की जोड़ी दिसंबर 2018 में कांग्रेस की सरकार बनाएगी, और ढोंगी शिवराज मामा के राज से मुक्त करायेगी।

नवंबर में चुनाव, इसलिए यह रैली महत्वपूर्ण
मध्यप्रदेश विधानसभा के लिए इसी साल के अंत में चुनाव हैं, इसलिए मध्यप्रदेश में असल राजनीति अब दिखाई देगी। इसलिए कमलनाथ की ताजपोशी अहम भूमिका अदा कर सकती है।

अरुण यादव नाराज, विवेक तन्खा मनाकर लाए
कांग्रेस आलाकमान के लाख समझाने के बाद भी मध्य प्रदेश में कांग्रेस की गुटबाजी खुलकर सामने आ गई।  निवर्तमान अध्यक्ष अरुण यादव रैली में कहीं नहीं दिखाई दिये। अरुण यादव भोपाल में अपने सरकारी बंगले में थे, लेकिन उन्होंने रैली से दूरी बनाए रखी। बाद में विवेक तन्खा ने उन्हें मनाया तब जाकर वे मंच पर आये। बताया जा रहा है कि प्रदेश अध्यक्ष के पद से हटाए जानने के बाद उन्हें संगठन में कोई भी पद नहीं देने से वे नाराज हैं।

ऐतिहासिक रैली
एयरपोर्ट से कमलनाथ खुली जीप में सवार होकर होकर कांग्रेस दफ्तर की ओर निकले। उनके साथ कांग्रेस के कईदिग्गज शामिल हुए। रैली में ज्योतिरादित्य सिंधिया, दिग्विजय सिंह, दीपक बाबरिया, विवेक तन्खा, सुरेश पचोरी, कांतिलाल भूरिया, अजय सिंह सहित सभी बड़े कांग्रेसी नेता शामिल रहे। कांग्रेस में गुटबाजी की खबरों के बीच कांग्रेस के सभी बड़े नेता एक साथ एक मंच पर नजर आए जिससे पार्टी की शक्ति बढ़ती हुई दिख रही है।
कार्यकारी अध्यक्षों ने संभाला कार्यभार
चारों कार्यकारी अध्यक्ष रामनिवास रावत, बाला बच्चन, जीतू पटवारी और सुरेंद्र चौधरी भी भोपाल पहुंचे औ कार्यभार ग्रहण किया।

नाथ ने बनाई नई टीम
चंंद्रप्रभाष शेखर प्रदेश उपाध्यक्ष
राजीव सिंह प्रदेश संगठन प्रभारी महामंत्री
गोविंद गोयल कोषाध्यक्ष
मानक अग्रवाल प्रदेश मीडिया प्रभारी

No comments