चलती बाइक में विस्फोट, मौत
दमोह। दमोह जिले के हिंडोरिया के कूड़ा कोडऩ गांव के पास चलती मोटरसाइकिल में ब्लास्ट से युवक की मौत हो गई। ब्लास्ट इतना तेज था कि युवक की कमर का पिछला हिस्सा कई टुकड़ों में हवा में उछल गया। करीब 70 मीटर के दायरे में सड़क पर उसके शरीर के टुकड़े बिखर गए। टायर छोड़कर बाकी मोटरसाइकिल जल गई। घटना मंगलवार सुबह करीब 9 बजे हुई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामला विवेचना में लिया है। ब्लास्ट की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। झुन्नाीलाल ने यह बाइक जून 2013 में खरीदी थी। पुलिस और स्थानीय लोग हादसे को लेकर कई अनुमान लगा रहे हैं। कोई मोटरसाइकिल में लगी बैटरी को ब्लास्ट का कारण मान रहा है तो कोई टंकी में किसी कारण आग लगने से ब्लास्ट की बात कह रहा है। इंजन में आग लगने से ब्लास्ट होने की संभावना भी जताई जा रही हैं। युवक का शव मोटरसाइकिल के पास ही मिला है, लेकिन उसके शरीर के टुकड़े दूर तक मिले हैं। टायर छोड़कर पूरी मोटरसाइकिल जल चुकी है।
कई सालों से बैटरी का कार्य कर रहे भाटिया बैटरी के संचालक जशपाल भाटिया का कहना है कि मोटरसाइकिल की बैटरी में इतना पावर नहीं होता है कि उसके ब्लास्ट से इंसान के परखच्चे उड़ जाएं। लिक्विड व ड्राई दो प्रकार की बैटरी आतीं हैं। मोटरसाइकिल में दोनों प्रकार की बैटरी उपयोग होती हैं, जिनकी क्षमता 5 एलवी (लीथियम वोल्टेज) होती है। इस पावर में यदि बैटरी में ब्लास्ट होता भी है तो किसी की जान नहीं जा सकती और न ही चालक के शरीर को इतना नुकसान हो सकता है। उन्होंने कहा कि उनके इतने साल के अनुभव में कई बार बैटरी ब्लास्ट की घटनाएं देखी, लेकिन ऐसा ब्लास्ट कभी नहीं सुना।

No comments