Header Ads

ads header

Breaking News

किसानों को पानी नहीं मिलने पर विधायक दिनेश राय मुनमुन ने सरकार को घेरा

DINESH RAI MUNMUN MLA SEONI INDEPENDENT


  • पेंच मुद्दे पर दिनेश राय मुनमुन गर्भगृह में पहुंचे

दीपक राय, भोपाल...
किसानों के मुद्दे पर अपनी आवाज नहीं सुने जाने से एक निर्दलीय विधायक नाराज हो गये। सोमवार को प्रश्नकाल के दौरान सिवनी जिले से निर्दलीय विधायक दिनेश राय मुनमुन पेंच परियोजना पर बने माचागौरा बांध का पानी सिवनी के किसानों को नहीं मिलने से नाराज थे।  मुनमुन ने आरोप लगाया कि गोपालगंज को पानी नहीं मिल रहा है और कृषि मंत्री गौरीशंकर बिसेन सिवनी का पूरा पानी बालाघाट ले गए हैं। मुनमुन ने कहा- मैं पांच बार इस परेशानी को विधानसभा में रख चुका हूं, फिर भी 36 गांवों तक बांध का पानी पहुंचाने से मना किया जा रहा है। विधायक राय मंत्री के जवाब से संतुष्ट नहीं हुए और करीब 20 मिनट तक गर्भगृह में खड़े होकर अपनी बात रखते रहे। इससे विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीतासरन शर्मा नाराज हो गये। मुनमुन ने कहा- पेंच परियोजना के माचागौरा बांध से निकलने वाली नहरों से लालमाटी (गोपालगंज) क्षेत्र के करीब 36 गांवों को 2003 के सर्वे में काट दिया गया था। इसको लेकर वे अब तक पांच बार विधानसभा में सवाल कर चुके हैं, जिसमें मंत्री की तरफ से आश्वासन भी दिया गया था कि सर्वे करा लिया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि इस काम को करने वाली मेनटेना कंपनी 86 करोड़ रुपए लेकर चली गई है। जल संसाधन मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा की तरफ से जवाब देते हुए मंत्री उमाशंकर गुप्ता ने कहा कि कमांड एरिया से बाहर होने के कारण तकनीकी रूप से 36 गांवों में पानी भेजना संभव नहीं हैं। जब तकनीकी रूप से पानी नहीं भेजा जा सकता तो फिर कितनी भी बार विषय को उठाएं, वह संभव नहीं होगा। उन्होंने कहा कि किसी भी कंपनी को ज्यादा राशि नहीं दी गई है।
तो सिवनी का पानी बालाघाट क्यों जाता है
मंत्री के जवाब से मुनमुन असंतुष्ट रहे और अपनी सीट से उठकर गर्भगृह में पहुंच गए। राय ने कृषि मंत्री बिसेन पर आरोप लगाया कि वे माचागौरा बांध का पानी बालाघाट ले गए, इस पर आपत्ति जताते हुए गौरीशंकर बिसेन ने कहा कि बांध का 45 फीसदी पानी बालाघाट आता है, 55 फीसदी पानी सिवनी में ही उपयोग होता है।

नेता प्रतिपक्ष ने किया मुनमुन का समर्थन
विधायक राय ने कुछ अखबारों को लहराते हुए कहा कि जिन क्षेत्र को पानी दिया जा रहा है, वह पहले से ही सिंचित हैं। मैं जिन स्थानों पर पानी नहीं है, वहां बांध का पानी देने की बात कह रहा हूं। इस बात नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने भी समर्थन किया। उन्होंने कहा जो क्षेत्र सूखे हैं, वहां नहरों से पानी भेजा जाए।

No comments