एक स्कूल जहां दी जा रही शिक्षा 'मौज की', बच्चों को आता है 40 तक पहाड़ा
- 5वी बेटियों ने डीईओ को सुनाया 40 तक पहाड़ा
- कटिया स्कूल के सरकारी स्कूल में शिक्षा के बेहतर परिणाम आये सामने
- 'ये कक्षा है मौज की, मस्ती की, आनंद की' थीम पर शिक्षा दे रहा स्कूल
सिवनी। आज जहां सरकारी स्कूलों में शिक्षा का गिरता स्तर चिंता का विषय बना हुआ है। शिक्षकों की कमी बड़ा मुद्दा बनकर उभर रही है। हाई स्कूल के बच्चों को पहाड़ा, हिज्जे नहीं आता, इस बीच जिले के एक सरकारी स्कूल में उत्कृष्ट शिक्षा प्रदान की जा रही है। यह बात तब निकलकर सामने आई, जबकि जिला शिक्षा अधिकारी ने स्कूल का औचक निरीक्षण किया।
दरअसल इन दिनों जिले में शालाओं के समग्र अनुवीक्षण 'प्रतिभा पर्वÓ का दौर चल रहा है। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी गोपाल बघेल जिलेभर के स्कूलों में निरीक्षण करने जा रहे हैं। इस बीच जब डीईओ शासकीय प्राथमिक शाला कटिया का अवलोकन करने पहुंचे तो वहां की शिक्षा देखकर हतप्रभ रह गये। स्कूल के पांचवी के छात्र-छात्राओं ने डीईओ बघेल को फर्राटे के साथ 40 तक पहाड़ा सुना दिया। बघेल ने जैसे ही 5वी कक्षा की मासूम छात्राओं प्रांशी ठाकुर, काजल चन्द्रवंशी, प्रमिला मर्सकोले से शिक्षा के बारे में जानकारी ली तो छात्राओं ने एक के बाद एक 40 तक पहाड़ा सुना दिया। इस अवसर पर डीईओ ने शाला की स्वच्छता, मध्याह्न भोजन के गुणवत्ता की तारीफ भी की। डीईओ ने शाला के प्रधान पाठक संतोष सूर्यवंशी, शिक्षक श्रीमती लक्ष्मी मर्सकोले, संगीता सैमुअल तलहत बानो गौरी के प्रयासों की सराहना की गई।
मनोरंजन के साथ शिक्षा की पहल
कटिया स्कूल के प्रधानाध्यापक संतोष सूर्यवंशी ने बताया कि हमारे स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकायें बच्चों को प्रायोगिक तौर पर शिक्षा प्रदान करते हैं। हम पुस्तकों से रटाने वाली शिक्षा पद्धति के अलावा मनोरंजन के साथ शिक्षा प्रदान करते हैं, यही कारण है कि बच्चों को अच्छी शिक्षा प्रदान की जा रही है। संतोष सूर्यवंशी ने कहा कि 'ये कक्षा है मौज की, मस्ती की, आनंद कीÓ इस थीम के साथ हम शिक्षा देने की कोशिश कर रहे है, जो सफल हो रही है।


No comments