मध्य प्रदेश में कमजोर पड़ा मानसून
भोपाल,। मध्य प्रदेश के अधिकतर शहरों में सावन की झड़ी गायब है। भोपाल, जबलपुर सहित अधिकतर संभागों में तेज धूप ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया। अब मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि आगामी 24 घंटों में मध्य प्रदेश के कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इनमें नीमच, मंदसौर, गुना, रतलाम, झाबुआ, अलीराजपुर, मुरैना, भिंड, ग्वालियर, दतिया, टीकमगढ़, बालाघाट, मंडला आदि शामिल हंै। राज्य के तापमान में बदलाव का क्रम बना हुआ है। गुरुवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 22.1 डिग्री, ग्वालियर का 25.7 डिग्री और जबलपुर का न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, बुधवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री, इंदौर का 29.4 डिग्री, ग्वालियर का 34.1 डिग्री और जबलपुर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विज्ञान केन्द्र भोपाल के वैज्ञानिक डॉ उमाशंकर चौकसे ने बताया कि फिलहाल मानसून प्रदेश में कमजोर पड़ गया है, जिससे चलते यहां बारिश का दौर थम गया है। उन्होंने बताया कि कुछ स्थानों पर हल्की-फुल्की बारिश हुई है, जो मौसम के स्थानीय प्रभाव के चलते हुई है। हालांकि उन्होंने उम्मीद जताई है कि आगामी कुछ दिनों तक आसमान में बादल छाए रहेंगे। वहीं, स्थानीय प्रभाव के चलते कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना बन सकती है।
No comments