अमेरिका में फायरिंग, 8 लोगों की मौत, आरोपी गिरफ्तार
-लूट और मर्डर के आरोपी ने घटना दी अंजाम
-कुछ दिन पहले ही जेल से छूटा था आरोपी
लिंकन काउंटी,। अमेरिका में एक बार फिर बड़ा हमला हुआ है। यहां के मिसीसिपी के लिंकन काउंटी में एक शख्स ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस घटना में आठ लोगों की मौत हो गई हैं, जबकि पांच घायल हैं। पुलिस के मुताबिक, संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि घटना शनिवार देर रात (भारत में रविवार) की है। मिसीसिपी ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेश के स्पोक्सपर्सन वॉरेन स्ट्रेन ने कहा- तीन अलग जगहों पर फायरिंग की गई थी। ये लिंकन सिटी में दूर-दराज का इलाका है। वॉरेन के मुताबिक, आठ लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है जबकि पांच घायल हैं। इन सभी को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। हमले की जांच कर रही पुलिस टीम ने कई किलोमीटर पीछा करने के बाद संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी का नाम विली कोरी गोडबोल्ट बताया गया है। पुलिस के मुताबिक, विली के खिलाफ लूट और मर्डर समेत कई केस पहले से दर्ज हैं। कुछ दिनों पहले ही उसे रिहा किया गया था। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पुलिस इसे आतंकी हमला नहीं मान रही है। पुलिस ने कहा- अभी आरोपी के मकसद के बारे में कुछ कहना जल्दबाजी होगी। अमेरिका में पिछले कई साल से गन कल्चर पर रोक लगाने की मांग उठती रही है। बराक ओबामा के दौर में इसके लिए कानून बनाने की मांग भी उठी थी लेकिन इसमें कामयाबी नहीं मिल पाई थी। नए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने भी अभी तक इसके बारे में कोई राय नहीं दी है।
अमेरिका में बढ़ रहे हमले
22 मई 2017 : सड़क पर हुई गोलीबारी
अमेरिका के उत्तरी फिलाडेल्फिया में संगीत सुन रहे लोगों पर गोलीबारी की घटना में नौ लोग घायल हुए थे।
28 अप्रैल2017 को होटल के बाहर गोलीबारी
अमेरिका के टेनेसी राज्य में एक होटल के बाहर दो पक्षों के बीच हुई गोलीबारी की चपेट में आने के बाद 56 वर्षीय भारतीय व्यक्ति की मौत हो गई थी। भारतीय समुदाय के व्यक्ति की मौत का यह पांचवां मामला था।
11 अप्रैल 2017: अमेरिका में स्कूल में घुसकर चलाईं गोलियां
कैलिफोर्निया के सान बर्नार्डिनो स्थित प्राथमिक विद्यालय में एक व्यक्ति ने एक अध्यापिका और आठ साल के एक बच्चे की गोली मारकर हत्या कर दी और फिर खुद को भी गोली मार ली थी।
26 मार्च 2017 :नाइट क्लब में हमला
सिनसिनाटी के नाइटक्लब में हुई गोलीबारी की भयावह घटना घटी। हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और 16 अन्य लोग घायल हुए थे।
3 मार्च 2017: भारतीय की हत्या
अमेरिका में हैदराबाद के इंजीनियर श्रीनिवास कुचिभोटला नस्लीय हिंसा के शिकार हो गए थे।
No comments