खुशखबरी : न एटीएम, न पेटीएम, अब अंगूठे से भुगतान करेगा इंडिया
![]() |
| how working aadhar pay app |
दीपक राय, भोपाल। अगर आप एटीएम कार्ड से भुगतान करने से डरते हैं या आपको लगता है कि कोई आपका डुप्लीकेट कार्ड न बना ले, या आपको लगता है कि कोई आपका पिन नंबर न चुरा ले तो अब निश्चिंत हो जाएं। क्योंकि अब आपके अंगूठे से ही भुगतान हो जायेगा। जब तक आपका अंगूठा नहीं लगेगा भुगतान नहीं हो सकेगा। एक रिपोर्ट केे अनुसार आधार कार्ड बिल भुगतान प्रणाली 'आधार पे ' मंगलवार को लांच कर दी गई है। अब ग्राहक अपने अंगूठे के अंगूठे का स्कैन कर बिल भुगतान कर सकते हैं। बताया जा रहा है कि आधार पे एंड्राइड आधारित स्मार्टफोन एप है, जिससे भुगतान पर ग्राहक को अलग से कोई सरचार्ज नहीं देना होगा। गौरतलब है कि प्राइवेट कंपनियों के मास्टरकार्ड व वीजा कार्ड से भुगतान करने पर अतिरिक्त शुल्क भी देना पड़ता है।
आप लोग ऐसे उपयोग करें-
व्यापारी अपने स्मार्टफोन में 'आधार पे' एप को इंस्टाल करेंगे
इसके बाद स्मार्टफोन को बायोमेट्रिक रीडर से कनेक्ट करेंगे
जब ग्राहक दुकान आयेगा तो व्यापारी उससे आधार नंबर पूछेगा
फोन में आधार नंबर दर्ज करते ही ग्राहक का बैंक एकाउंट नंबर आयेगा
इसके बाद ग्राहक बायोमेट्रिक रीडर पर अपना अंगूठा रखेगा
अब स्कैन बायोमेट्रिक रीडर खाते की जांच करेगा
फिर जितना भुगतान करना है उतना ग्राहक कर सकता है
सरकार का नया कदम
वित्त मंत्री अरुण जेटली ने अपने बजट भाषण में भी इस एप के बारे में बताया था। नकदरहित अर्थव्यवस्था को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार का ये एक नया कदम बताया जा रहा है।
सरकार ने तय किया है लक्ष्य
वर्ष 2017-18 में सरकार ने इस आधार कार्ड आधारित भुगतान प्रणाली से 25 अरब डिजिटल लेन-देन का लक्ष्य रखा है। गौरतलब है अप्रैल 2016 तक सरकार ने देश के एक अरब लोगों को आधार कार्ड जारी कर दिए हैं, जबकि 40 करोड़ से ज्यादा खाते आधार कार्ड से लिंक कर दिए गए हैं।

No comments