Header Ads

ads header

Breaking News

कृषि मंत्री के निज सचिव के नाम से फर्जी पत्र जारी, थाने में शिकायत


  • निज सहायक के फर्जी हस्ताक्षर से विधायकों को लिखा गया पत्र 
  • सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद टीटी नगर थाने में शिकायत

दीपक राय, भोपाल...
कृषि मंत्री से जुड़ा एक फर्जी पत्र राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया। सोशल मीडिया में वायरल होने वाले इस खत की शिकायत मंत्री के निज सचिव ने थाने में की है। निज सचिव एस डी हारोड़े के अनुसार मंडी बोर्ड से सड़क निर्माण के संबंध में फर्जी हस्ताक्षर कर विधायकों को पत्र लिखा गया है। पत्र में किसान कल्याण तथा कृषि विकास मंत्री गौरीशंकर बिसेन के निज सचिव एस.डी. हारोड़े के फर्जी हस्ताक्षर किए गए हैं। फर्जी पत्र की जानकारी मिलने पर हारोड़े ने टी.टी. नगर पुलिस थाने में इसकी सूचना दी है। उन्होंने संबंधित थाना प्रभारी से दोषी व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने का अनुरोध भी किया है। हारोड़े के फर्जी हस्ताक्षरयुक्त पत्र की जानकारी किसान कल्याण मंत्री जी के ध्यान में आने पर उन्होंने कहा कि यह पत्र भ्रामक तथा असत्य है।

यह है भ्रामक पत्र जिसकी शिकायत की गई 
5 जनवरी को विधायकों को एक पत्र लिखा गया जिसमें शिव हरोड़े के फर्जी हस्ताक्षर किए गए हैं। पत्र में लिखा है-
'मुझे आपसे अनुरोध करने के निर्देश प्राप्त हुए है कि माननीय मुख्यमंत्री जी की अभिनव योजना भावांतर के खरीफ सीजन की फसलों की खरीद में भारी सफलता के कारण प्रदेश की मंडियों में जो अधिक आवक के कारण लगभग रुपये 900 करोड़ की अतिरिक्त राशि प्राप्त हुई है उसे ग्रामीण क्षेत्र की सड़कों के विकास/उन्नयन पर खर्च करने का निर्णय लिया गया है। इस कार्यक्रम का प्रारंभ बालाघाट और सिवनी जिले में 16 ग्रामीण सड़कों के निर्माण/उन्नयन का टेंडर जारी करके किया गया है। (टेंडर की छायाप्रति संलग्न)
आपसे अनुरोध है कि आप आपके क्षेत्र की इसी प्रकार की ग्रामीण सड़कों के निर्माण/उन्नयन आदि के प्रस्ताव, जो अधिकतम रुपये 10 से 12 करोड़ प्रति विधानसभा क्षेत्र हो, मान. मंत्री जी को तत्काल प्रेषित करने का कष्ट करें ताकि आपके प्रस्तावों पर विचार कर उनके द्वारा स्वीकृति प्रदान की जा सके। इन ग्रामीण सड़कों के निर्माण/ उन्नयन का कार्य आगामी विधानसभा/लोकसभा चुनावों के पूर्व पूर्ण किया जावेगा ताकि उसका लाभ पार्टी को मिल सके।

No comments