Header Ads

ads header

Breaking News

कमलनाथ ने कहा- इस बार कांग्रेस का 150 से ज्यादा सीट का टारगेट, करवा चुका हूं सर्वे

भोपाल.बीजेपी के अबकी बार 200 पार का नारा देने के बाद कांग्रेस के नए अध्यक्ष कमलनाथ ने आगामी विधानसभा चुनाव में 150 से ज्यादा सीट लाने का टारगेट तय किया है। गुरुवार को उन्होंने कहा कि भाजपा की स्थिति बहुत खराब है और प्रदेश की जनता सच्चाई जान चुकी है। अब भाजपा चाहे कुछ भी कर ले मतदाता उसके बहकावे में नहीं आएंगे।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने तो गुजरात विधानसभा चुनाव में भी बड़ी-बड़ी बातें की थी लेकिन 100 सीट भी नहीं ला पाई। गुजरात को तो भाजपा का गढ़ कहा जाता है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का गृह प्रदेश है फिर भी ऐसी हालत हुई। ऐसी ही स्थिति मप्र में भी होने वाली है। यह बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को भी समझ में आ गई है।
ग्रामीण क्षेत्रों में संगठन को और मजबूत करेंगे
कमलनाथ ने कहा कि पिछले कुछ सालों में चुनाव बहुत लोकलाइज हो गए हैं। पहले हम यह कह सकते थे कि फलां गांव में कांग्रेस के समर्थक ज्यादा हैं लेकिन अब तो एक घर में भी नहीं कहा जा सकता कि कौन किसे वोट देगा। हम 150 से ज्यादा सीटों पर जीतेंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में संगठन को और मजबूत करेंगे।
भाजपा के कई नेता संपर्क में
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने पत्रकारों से कहा कि भाजपा के कई वरिष्ठ नेता उनके संपर्क में हैं। भाजपा नेताओं को कांग्रेस से टिकट देने के संबंध में उन्होंने कहा कि यह पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से चर्चा में तय होगा।
जिन सीटों पर 5-6 चुनावों में हार, उस पर रहेगा जोर
कमलनाथ ने कहा कि चुनाव में उन सीटों पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा जो सीटें हमने कांग्रेस के शासनकाल में भी हारी हैं। िजन सीटों पर कांग्रेस पांच-छह चुनावों से हारी है उन पर विशेष जोर रहेगा। प्रदेश की जनता भाजपा सरकार से नाखुश है इस कारण भाजपा की हार तय है।
गौर ने की थी तारीफ
कमलनाथ ने कहा कि जब वे केंद्र सरकार में थे तब उन्होंने प्रदेश को खूब फंड दिया। पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर ने भी इसकी प्रशंसा की थी। अब जो स्मार्ट सिटी बनाई जा रही है उसका कॉन्सेप्ट ही साफ नहीं है कि स्मार्ट सिटी क्या है।
मतदाता सूची में गड़बड़ी की निष्पक्ष जांच की मांग
नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने गुरुवार को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सलिना सिंह को मतदान सूची में हुई गड़बडियों की निष्पक्ष जांच की मांग की। सिंह ने मतदाता सूची में हेरफेर करने वालो के विरुद्व भी भारतीय दंड विधान की संबंधित धाराओं के तहत कार्यवाही करने की मांग की। उन्होंने कहा की हाल में कलेक्टर शिवपुरी तरुण राठी को मुख्य चुनाव आयुक्त ने कोलारस विधानसभा की मतदाता सूची में गड़बड़ी का दोषी माना है। ऐसा पूरे प्रदेश में हुआ है।

No comments